Bahraich Encounter: 25 हजार के इनामी गौ तस्कर से पुलिस की मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
कैसरगंज में घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर की फायरिंग, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद; एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
बहराइच। जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी गौ तस्करी के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, कैसरगंज थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय को देर रात करीब एक बजे मुखबिर से सूचना मिली कि गौवध के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी हरनी गांव रोड से प्यारेपुर जाने वाले मार्ग पर मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, गंडारा चौकी प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा आरोपी की घेराबंदी की।
पुलिस का कहना है कि घिरता देख आरोपी ने अवैध .315 बोर तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
2.png)
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह और क्षेत्राधिकारी धीरेंद्र श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान अशरफ अली (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में गौकशी के छह मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए कैसरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
