Saharanpur Accident: माल ढुलाई लिफ्ट की चपेट में आने से रेस्तरां मालिक की मौत, तकनीकी खामी या लापरवाही? जांच शुरू
सहारनपुर के कोर्ट रोड स्थित 'खातिरदारी' रेस्तरां में माल ढुलाई के लिए बनी अस्थायी लिफ्ट की चपेट में आने से मालिक हर्ष खुराना की मौत हो गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
सहारनपुरः उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक हादसे में रेस्तरां मालिक की जान चली गई। कोर्ट रोड स्थित 'खातिरदारी' रेस्तरां में माल ढुलाई के लिए बनाई गई अस्थायी लिफ्ट की चपेट में आने से 58 वर्षीय हर्ष खुराना की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सामान आने में देरी पर लिफ्ट शाफ्ट के पास पहुंचे
पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे हर्ष खुराना ने रेस्तरां की ऊपरी मंजिल से कुछ सामान नीचे भेजने के लिए कर्मचारियों से कहा था। काफी देर तक सामान नहीं पहुंचने पर वह स्वयं लिफ्ट शाफ्ट के पास पहुंचे और देरी का कारण देखने के लिए उसमें झांकने लगे।
इसी दौरान अचानक माल ढुलाई वाली लिफ्ट नीचे आ गई, जिससे उनके सिर और गर्दन पर गंभीर चोट लगी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद रेस्तरां में मौजूद कर्मचारियों ने हर्ष खुराना को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तकनीकी खराबी या लापरवाही, दोनों पहलुओं पर जांच
सदर बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रसेन सैनी ने बताया कि मृतक तिलक नगर कॉलोनी निवासी थे और 'खातिरदारी' रेस्तरां के मालिक थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सामान्य यात्री लिफ्ट नहीं, बल्कि केवल सामान ढोने के लिए बनाई गई अस्थायी लिफ्ट थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही जिम्मेदार थी।
यह भी पढ़ेंः Bijnor News: राम मंदिर चढ़ावा मामले पर असदुद्दीन ओवैसी का सरकार पर हमला, जनसभा में दिया विवादित बयान
