Bareilly News : श्यामगंज गल्ला मंडी में अव्यवस्थाओं से जूझ रहे व्यापारी
दो महीने पहले सड़क और अब नाली निर्माण ने बढ़ाईं मुश्किलें
बरेली, अमृत विचार। शहर की प्रमुख श्यामगंज गल्ला मंडी में नगर निगम की लचर कार्यप्रणाली और बिना योजना के किए जा रहे कार्यों से व्यापारी और आम जनता बुरी तरह त्रस्त है। दो महीने पहले पेयजल पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़क जैसे-तैसे बनी ही थी कि अब निगम ने सड़क किनारे नाली का निर्माण शुरू कर दिया है, जिसके कारण श्यामगंज चौराहा से साहू गोपीनाथ स्कूल तक रोड किनारे जगह-जगह बेतरतीब बजरी बिखरी पड़ी है।
रोड किनारे चल रहे इस निर्माण कार्य और संकरी हुई सड़क के बीच ही ग्राहकों की ओर से अपने वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े कर देने के कारण मंडी में दिनभर भीषण जाम लग रहा है। व्यापारियों का कहना है कि बीच सड़क पर वाहनों के खड़े होने और लगातार खोदा-खादी से गल्ला मंडी का पूरा कारोबार पूरी तरह ठप हो चुका है। दिनभर लगने वाले इस जाम की वजह से जिलेभर से आने वाले खरीदार अब मंडी में आने से कतरा रहे हैं, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
व्यापारी बोले-
इस अव्यवस्था से हमें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लगातार लग रहे जाम और खोदा खादी से माहौल खराब हो चुका है। निगम को तुरंत इस समस्या का कोई स्थाई समाधान निकालना चाहिए। -युग अग्रवाल।
दो महीने से हम सिर्फ बर्बादी देख रहे हैं। पहले सड़क के नाम पर व्यापार चौपट रहा और अब जगह-जगह नाली निर्माण समेत अन्य कार्य की वजह से लगने वाले जाम से मंडी में आना ग्राहकों के लिए दूभर है। -रवि।
गल्ला मंडी में जिलेभर से लोग आते हैं, लेकिन भीषण जाम को देखकर खरीदारों ने आना ही बंद कर दिया है। रोड पर वाहन और मलबे ने दुकानदारी को पूरी तरह बर्बाद करके रख दिया है। -अनूप।
पेयजल लाइन के बाद भी हालत नहीं सुधरी है। बीच सड़क पर ग्राहकों के वाहन खड़े होने और निर्माण सामग्री बिखरी होने से दिनभर भीषण जाम रहता है, जिससे व्यापार काफी प्रभावित हो रहा है। -अजय माहेश्वरी।
