बाराबंकी : गोमती में नहाते समय डूबे दो सगे भाइयों की मौत, परिवार में कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। यूपी के बाराबंकी जिले में कोतवाली क्षेत्र के अवसानेश्वर घाट पर मंगलवार सुबह गोमती नदी में स्नान के दौरान दो सगे भाइयों की डूबकर मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मुरैनापुर गांव निवासी अशोक पांडे के पुत्र गजेंद्र पांडे उर्फ हनी (14) और देवेंद्र पांडे उर्फ हैप्पी (18) अपने चचेरे भाई मनु व गांव के आदर्श पाल के साथ सुबह करीब नौ बजे अवसानेश्वर घाट पहुंचे थे। चारों युवक नदी में स्नान करने उतरे। 

बताया जाता है कि मनु और आदर्श उथले पानी में नहा रहे थे, जबकि दोनों भाई अधिक गहरे पानी की ओर बढ़ गए। इसी दौरान वे कुंड की भंवर में फंस गए और देखते ही देखते नदी में समा गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। सुबह करीब 10:40 बजे गजेंद्र का शव और 11:10 बजे देवेंद्र का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद किया गया। 

दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बताया जाता है कि दोनों भाई अपनी मां को पहले ही खो चुके थे। दोनों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है।

ये भी पढ़ें  : 
Sonbhadra : ससुराल आए दंपत्ति की रहस्यमय मौत, मुंह से निकल रहा था झाग; जांच में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार