वाराणसी में मुहर्रम पर पुलिस कमिश्नर ने दी सख्त चेतावनी, 'न शुरू करें कोई नई परंपरा, विवाद फैलाया तो होगी कार्यवाई'

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में मुहर्रम के त्योहार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। वाराणसी के पुलिस आयुक्त (पुलिस कमिश्नर) मोहित अग्रवाल ने बुधवार को स्पष्ट रूप से कहा कि मुहर्रम के त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत नहीं करने दी जाएगी।

ट्रैफिक पुलिस लाइन में संपन्न हुई शांति समिति की बैठक

मुहर्रम त्योहार के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी (डीएम) सत्येंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में शहर के धर्मगुरुओं, इमामों, ताजियेदारों और सिविल डिफेंस के सदस्यों ने हिस्सा लिया।

'तकनीक का जमाना है, अपराध करके कोई बच नहीं पाएगा'

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा, "तकनीक का जमाना है, कोई यह न सोचे कि अपराध करके बच जाएगा। आजकल चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और सभी सुरक्षाकर्मियों के पास मोबाइल भी है।" उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि यदि उन्हें कोई भी फर्जी या भ्रामक खबर मिलती है, तो उसकी तत्काल सूचना जिला प्रशासन या नजदीकी थाने को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और जनपद की शांति व कानून व्यवस्था बनी रहे। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट न करने की सख्त हिदायत दी। पुलिस आयुक्त ने थानों में होने वाली बैठकों में पिछले वर्षों के चिन्हित (संवेदनशील) स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए और कहा कि सोशल मीडिया व ड्रोन कैमरों के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

डीएम के निर्देश 'ताजिए के साथ न करें हथियारों का प्रदर्शन'

बैठक के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने एक-एक कर शांति समिति के सभी सदस्यों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ इन समस्याओं का समय पर समाधान कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के मद्देनजर सतर्कता बरतने की हिदायत देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ताजिए वाले स्थानों का भ्रमण कर वहां पुख्ता सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करें। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति ताजिए के साथ अस्त्र-शस्त्र (हथियार) लेकर प्रदर्शन नहीं करेगा। त्योहार के दौरान डीजे (DJ) की आवाज पूरी तरह सामान्य रखी जाएगी।

जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले एक साल में जिले के सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी जनपदवासी आगामी मुहर्रम सहित अन्य त्योहारों को भी परंपरागत रूप से, पूरे हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण ढंग से मनाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाना चाहिए, जिससे दूसरों की भावनाओं को ठेस पहुंचे।

बैठक में मौजूद रहे आला अधिकारी

इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, एडीएम सिटी पंकज कुमार, डीसीपी गौरव वंशवाल, नीतू कादयान, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा सहित जनपद की सभी प्रमुख मस्जिदों के इमाम और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  : 
Bareilly News: बरेली में मुहर्रम को लेकर सुरक्षा सख्त, 12 फीट से ऊंचे ताजिया निकालने पर लगी रोक
Moharram 2026: लखनऊ में शाही जरी के जुलूस पर डायवर्जन, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

संबंधित समाचार