Bareilly News : सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक की मौत, आक्रोशित साथियों ने सैटेलाइट बस अड्डे पर किया चक्का जाम 

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली, अमृत विचार। लखनऊ से यात्रियों को लेकर बरेली की ओर आ रही रुहेलखंड डिपो की एक बस शाहजहांपुर के तिहलर में हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में बरेली निवासी बस चालक प्रमोद की मौत हो गई। साथी प्रमोद की मौत से गुस्साए चालक और परिचालकों ने गुरुवार को सैटेलाइट बस अड्डे पर चक्का जाम कर दिया। उनका आरोप है कि प्रमोद को समय रहते अच्छा उपचार नहीं मिला, इसलिए उनकी मौत हो गई। 

दुर्घटना बुधवार रात लखनऊ-दिल्ली राजमार्ग पर हुई। प्रमोद करीब 25 यात्रियों से भरी बस लेकर बरेली की दिशा में आ रहे थे। बताते हैं कि तिलहर के पास आगे चल ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे रोडवेज बस सीधे ट्रक में जा घुसी। इसमें बस चालक प्रमोद, परिचालक और कुछ यात्री घायल हो गए। 

दुर्घटना से चीख-पुकार के बीच अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। कुछ देर बाद ही चालक प्रमोद ने दम तोड़ दिया। परिचालक मुनेश, यात्री सीतापुर निवासी मुकेश और उनके परिवार के सदस्यों की हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं, कुछ यात्रियों को मामूली चोटें थीं, इसलिए उन्हें स्वास्थ्य केंद्र से ही छुट्टी मिल गई। 

972

सैटेलाइट पर हंगामा 
साथी बस चालक प्रमोद की मौत से रोडवेज बस चालक गुस्सा से भर गए। उनका आरोप है कि दुर्घटना रात तीन बजे हुई। ड्राईवर की मौत हो गई और कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हैं। दुर्घटना के फौरन बाद रोडवेज के अधिकारियों को फोन लगाया गया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।

इस बात से नाराज रोडवेज कर्मचारी गुरुवार को सैटेलाइट वर्कशॉप के गेट पर जमा हुए। चालक और परिचालकों ने यहां प्रदर्शन किया और बसों का संचालन ठप कर दिया। रोडवेज के चालक और परिचालकों के प्रदर्शन से अधिकारी सन्न रह गए। वे किसी तरह से उनको शांत कर, बस संचालन शुरू कराने की कोशिशों में जुटे रहे।

संबंधित समाचार