Bareilly News : सांसद नीरज मौर्य ने लोकसभा में उठाया छात्रवृत्ति घोटालों का मुद्दा
एससी-एसटी छात्रों की छात्रवृत्ति में गड़बड़ी पर केंद्र से मांगा जवाब, राज्यवार आंकड़े नहीं देने पर सरकार को घेरा, पारदर्शी जांच की मांग
बरेली से सपा सांसद नीरज मौर्य ने लोकसभा में एससी-एसटी छात्रवृत्ति में हुए करोड़ों के फर्जीवाड़े को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। राज्यवार आंकड़े न देने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की।
बरेली, अमृत विचार। सपा सांसद नीरज मौर्य ने अनुसूचित जाति व जनजाति के छात्रों की प्री व पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं में हुए करोड़ों के फर्जीवाड़े को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। लोकसभा में सांसद इकरा चौधरी, बाबू सिंह कुशवाहा व अन्य सहयोगियों के साथ उठाए गए संयुक्त सवाल के जवाब में सरकार की ओर से भ्रष्टाचार व नुकसान का राज्यवार आंकड़ा न दिए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
सांसद नीरज मौर्य ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और पंजाब जैसे राज्यों में शिक्षा माफियाओं की ओर से हजारों करोड़ रुपये का गबन किया जा चुका है। इस मामले में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से संयुक्त प्रश्न पूछा था। लेकिन केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले डीबीटी का राग अलाप कर शिकायतों को सीधे राज्य सरकारों के पाले में डाल रहे हैं। सांसद ने कहा कि सरकार किसी भी राज्य में कथित छात्रवृत्ति घोटालों, वित्तीय नुकसान और दोषियों पर की गई कार्रवाई का राज्यवार विवरण नहीं दे सकी। आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में सामने आए कथित घोटालों के बावजूद केंद्र जवाबदेही तय करने से बच रहा है। उन्होंने छात्रवृत्ति योजनाओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने की मांग की।
