UP Post-Matric Scholarship 2026: 15 सितंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन, 31 अक्टूबर तक कर सकेंगे अप्लाई
शैक्षणिक संस्थानों को 15 अगस्त तक तैयार करना होगा मास्टर डाटा, सत्यापन प्रक्रिया 14 सितंबर तक चलेगी
कानपुर। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना (कक्षा 11 और 12 को छोड़कर) के लिए आवेदन प्रक्रिया की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर 2026 से शुरू होंगे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र-छात्राएं 31 अक्टूबर 2026 तक छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
15 अगस्त तक तैयार होगा संस्थानों का मास्टर डाटा
योजना के तहत सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों को पहले अपना मास्टर डाटा तैयार करना होगा। इसके लिए शासन ने 22 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक की अवधि निर्धारित की है। इसके बाद संस्थानों के मास्टर डाटा का सत्यापन 25 जुलाई 2026 से 14 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे।
ऑनलाइन पोर्टल पर करना होगा आवेदन
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि पात्र विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर शासन की आधिकारिक छात्रवृत्ति वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें और समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ प्राप्त किया जा सके।
