Amethi News: नानी के घर पर किशोरी का लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
अमेठी। जिले के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी का शव घर के आंगन में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के हरखुमऊ पुनीपुर स्थित इफको गोदाम के पास रहने वाली रिया चौरसिया (14) पुत्री स्वर्गीय नीरज चौरसिया का शव बुधवार रात करीब आठ बजे घर के आंगन में फंदे से लटका मिला।
पिता के निधन के बाद नानी के घर रह रही थी किशोरी
बचपन में पिता के निधन के बाद रिया अपनी मां मालती चौरसिया के साथ ननिहाल में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, जब रिया की मां घर पहुंचीं तो उन्होंने बेटी को फंदे से लटका देखा। इसके बाद उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
जांच में जुटी स्थानीय पुलिस
सूचना मिलते ही शुकुल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
