Sitapur News: दधीचि कुंड में जल निकासी ठप, हजारों मरीं मछलियों के बीच डुबकी लगाने को मजबूर श्रद्धालु
पौराणिक तीर्थ महर्षि दधीचि में जल निकासी न होने से मरी हजारों मछलियां, साधु-संत और श्रद्धालुओं में रोष
सीतापुर, अमृत विचार। पौराणिक तीर्थ महर्षि दधीचि कुंड में जल निकासी की व्यवस्था ठप होने के कारण कुंड का पानी दूषित हो गया, जिससे बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो गई। मृत मछलियां पानी की सतह पर तैर रही हैं, जिससे उठ रही असहनीय दुर्गंध ने श्रद्धालुओं का जीना मुहाल कर दिया। इसके बावजूद, बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु अपनी आस्था के चलते उसी दूषित पानी में स्नान करने को मजबूर दिखे।
प्रशासन की लापरवाही से बढ़ा संकट
कुंड की जल निकासी व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है। जल की निरंतरता न होने से पानी स्थिर हो गया और धीरे-धीरे सड़ने लगा, जिसका परिणाम जलजीवों की मौत के रूप में सामने आया है। अमृत विचार ने इस विषय को लेकर कई बार प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की, लेकिन जिम्मेदार विभाग हर बार चुप्पी साधे रहे।
धार्मिक स्थल की स्वच्छता पर उठे सवाल
धार्मिक महत्व के इस कुंड की दुर्दशा से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। प्रशासन की इस उदासीनता के कारण न केवल पर्यावरण को क्षति पहुंच रही है, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ भी खिलवाड़ हो रहा है। कुंड में फैली गंदगी और दुर्गंध किसी बड़ी बीमारी को भी न्योता दे रही है।
4.jpg)
कुंड में मरी मछलियों को तत्काल हटाकर सफाई कराई जाए ताकि श्रद्धालुओं को संक्रमण का खतरा न हो और वे सुरक्षित स्नान कर सकें।-स्वामी विमलानंद सरस्वती
जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कर स्वच्छ जल सुनिश्चित कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। कई बार गुहार लगाने के बाद भी प्रशासन मौन है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।-राहुल शर्मा, प्रधान पुजारी
