गोमतीनगर रेलवे स्टेशन : महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने किया निरीक्षण, कहा - यहां होनी चाहिए वर्ल्ड क्लास सुविधायें
लखनऊ, अमृत विचार : पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सोमवार को गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान यात्री सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) के मुख्य परियोजना प्रबंधक पावस यादव और मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण की शुरुआत में महाप्रबंधक ने गोमतीनगर रेलवे स्टेशन के ले-आउट प्लान को देखा। इसके अलावा उन्होंने स्टेशन के द्वितीय इंट्री फ्लाईओवर एरिया, एयर कॉनकोर्स, प्रथम इंट्री और सरकुलेटिंग एरिया का भी निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने यात्री प्रतीक्षालय, विशिष्ट कक्ष, विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई व्यवस्थाओं को भी परखा और इन्हें और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
दिव्यांगजन की सुविधाओं पर विशेष जोर
महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने स्टेशन पर यात्रियों के लिए साइनेज (संकेतक) लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से दृष्टिबाधित यात्रियों की सहूलियत के लिए ब्रेल साइनेज सुनिश्चित करने और प्लेटफॉर्मों पर टेक्टाइल फ्लोरिंग के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने को भी कहा है।
वहीं कार्यदायी संस्था आरएलडीए के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि गोमतीनगर स्टेशन पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए मंडल प्रशासन के साथ नियमित रूप से समीक्षा बैठकें आयोजित करने को भी कहा है।
सीनियर अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (समन्वय), वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सा.), वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (तृतीय), वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (फ्रेट) एवं डीएम, ईएनएचएम सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
