Budaun News : रक्षाबंधन त्योहार पर खोया ने पकड़ी महंगाई की रफ्तार
10 दिनों में 380 रुपये तक पहुंची खोया की कीमत, खरीदने में लोगों की जेब हो रही ढीली, खोया सहित अन्य खाद्य पदार्थों में छाई बेतहाशा महंगाई
रक्षाबंधन का त्योहार आते ही बदायूं में खोया, चीनी और ड्राई फ्रूट्स के दामों में भारी उछाल आया है, जिससे आम आदमी का बजट बिगड़ गया है।
बदायूं, अमृत विचार। रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही बाजार में मिठास महंगी होने लगी है। खोया के दामों में पिछले दस दिनों में तेजी आई है। भाव 300 रुपये से बढ़कर 380 रुपये किलो तक पहुंच गया है। खोया के साथ दूध, चीनी, घी, पनीर और मेवा के दाम बढ़ने से मिठाई कारोबारियों की लागत बढ़ गई है। वहीं घरों में पकवान बनाने की तैयारी कर रहे लोगों का बजट भी प्रभावित हुआ है।
रक्षाबंधन पर खोया की मांग सबसे अधिक रहती है। त्योहार को लेकर मिठाई की दुकानों पर पेड़ा, बर्फी, कलाकंद, गुलाब जामुन समेत खोया से तैयार होने वाली मिठाइयों की बिक्री बढ़ने लगी है। मांग बढ़ने के साथ खोया के भाव में भी लगातार उछाल देखा जा रहा है। कारोबारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में मांग और बढ़ने की उम्मीद है। खोया विक्रेता राकेश मिश्रा ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर खोया की मांग में तेजी आई है। पिछले करीब दस दिनों में भाव में लगातार बढ़ोतरी हुई है। त्योहार के अंतिम दिनों में मांग अधिक हो गई है। जिससें दाम और बढ़ने की संभावना है।
कच्चा माल महंगा, मिठाई की लागत बढ़ी
मिठाई विक्रेता शैलेंद्र ने बताया कि खोया के साथ मिठाई में इस्तेमाल होने वाली चीनी, घी और मेवा भी महंगे हुए हैं। इससे मिठाई तैयार करने की लागत बढ़ गई है। त्योहार पर ग्राहक मिठाई खरीद रहे हैं, लेकिन बढ़े दामों के कारण कई ग्राहक मात्रा कम कर रहे हैं।
किराने के सामान ने भी बढ़ाया खर्च
किराना स्टोर संचालक विनोद कुमार के अनुसार रक्षाबंधन को लेकर चीनी, घी, बेसन, सूजी और मेवा की मांग बढ़ी है। चीनी 65 रुपये, सूजी 70 रुपये, अरहर दाल 120, मूंग दाल 100, उड़द दाल 125, चना दाल 80, काबुली चना 90 और राजमा 120 रुपये प्रति किलो हो गया है। ग्राहकों को कई सामान सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक कीमत पर खरीदना पड़ रहा है। महंगाई के कारण लोग खरीदारी से पहले कीमत और जरूरत दोनों का हिसाब लगा रहे हैं।
त्योहार की मिठास पर महंगाई का असर
रक्षाबंधन पर मिठाई और घर में बनने वाले पकवानों की खरीदारी बढ़ने से खाद्य सामग्री की मांग में इजाफा हुआ है। दूसरी ओर दाम बढ़ने से लोगों को पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ रहा है। खासकर खोया और मेवा के बढ़े भाव ने मिठाई की कीमतों को लेकर ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। कारोबारियों का कहना है कि रक्षाबंधन से एक-दो दिन पहले मांग चरम पर पहुंचने पर बाजार में भाव और बढ़ सकते हैं।
15 दिन में बढ़े चीनी व ड्राई फ्रूट के दाम
चीनी क्विंटल 6260, काजू 840 प्रति किलो, बादाम 900 से प्रति किलो 1030, किशमिश 400 रुपये से 420 रुपये प्रति किलो, पिस्ता 1500 सौ रुपये प्रति किलो, छुहारा 170 से 210 रुपये तक पहुंच गया है।
ये भी पढ़ें - Bank Strike 2026: 11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल की चेतावनी, 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन स्ट्राइक का भी ऐलान
