Balrampur News: किशोरी की मौत पर सवाल, 8 दिन बाद कब्र से निकाला शव; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बलरामपुर, अमृत विचार। जिले में दो अलग-अलग संदिग्ध मौत के मामलों ने पुलिस और प्रशासन की जांच तेज कर दी है। न्यायालय और जिलाधिकारी के आदेश पर दोनों मामलों में कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

चार महीने बाद कब्र से निकाला गया युवक का शव

महराजगंज तराई क्षेत्र के रमईडीह गांव निवासी लखराजी उर्फ दुरुपता ने आरोप लगाया कि उनके 40 वर्षीय बेटे राजेश शिल्पकार की 1 अप्रैल 2026 को कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित कांशीराम आवास कॉलोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मौत के बाद परिजन शव को गांव ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।

बाद में मृतक की मां ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद प्रशासन ने मामले में कार्रवाई करते हुए करीब चार महीने बाद कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। एसडीएम सदर संजय यादव, सीओ डीके श्रीवास्तव और थाना प्रभारी संतोष कुमार तिवारी की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया।

15 वर्षीय बालिका की मौत पर भी उठे सवाल

दूसरा मामला उतरौला कोतवाली क्षेत्र के भुरकुंडा गांव का है। यहां 15 वर्षीय बालिका की 10 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मौत के कारण को लेकर अलग-अलग बातें सामने आने से मामला संदिग्ध हो गया। शुरुआत में बालिका की मौत करंट लगने से होने की बात कही गई, जबकि बाद में फांसी लगाने की बात सामने आई। मामले में जिलाधिकारी के आदेश पर आठ दिन बाद शव को कब्र से निकलवाया गया। एसडीएम योगेंद्र शरण शाह और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट सामने आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ ही मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच तेज कर दी है।


ये भी पढ़े : 
बुढ़वा मंगलवार : जौनपुर के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जय श्री राम के जयघोष से गूंजा परिसर

 

संबंधित समाचार