Bareilly News : अस्पताल में एक्सरे के दौरान मशीन गिरने मरीज की मौत, हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

नवाबगंज के हॉस्पिटल में भर्ती थे बुजुर्ग मिश्रीलाल, परिवार बोला, पेट दर्द का चल रहा था इलाज

बरेली के नवाबगंज स्थित आर्य अस्पताल में एक्सरे मशीन गिरने से बुजुर्ग मरीज की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया।

नवाबगंज, अमृत विचार। नवाबगंज के एक अस्पताल में मंगलवार दोपहर एक्सरे करने के दौरान मरीज की मौत हो गई। परिवार ने आरोप लगाया है कि जांच के दौरान कथित रूप से एक्सरे मशीन बुजुर्ग मिश्रीलाल के ऊपर गिर गई, जिससे उनकी जान चली गई। हंगामे की सूचना पर पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंच गई और लोगों को समझाकर शांत किया। अफसरों का कहना है कि परिवार ने शव का पोस्टमार्टम नहीं करने की बात लिखकर दी है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज का पैर लगने से मशीन गिर गई थी, जिसकी वजह से हादसा हुआ।

मृतक बुजुर्ग प्रसादीलाल उर्फ मिश्रीलाल थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव शाहपुर जी सुखराय के रहने वाले थे और मछली पालन करते थे। परिवार ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार के दिन पुत्र शेर सिंह पेट दर्द की शिकायत पर मिश्रीलाल को पीलीभीत रोड स्थित आर्य हॉस्पिटल लेकर पहुंचा था। वहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कर किया गया था। आज दोपहर अस्पताल का स्टाफ जांच के लिहए मिश्रीलाल को एक्सरे कक्ष में ले गया था। परिजनों का आरोप है कि कथित तौर पर एक्सरे के दौरान मशीन मरीज के ऊपर गिर गई। हादसे में मिश्रीलाल की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी होते ही पत्नी कलावती, बेटे नेमचंद, शेर सिंह और रंजीत सिंह समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गए। भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ नीलेश मिश्र और कोतवाल अरुण श्रीवास्तव पुलिस के साथ अस्पताल पहुंच गए और समझाकर परिजनों को शांत किया। फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर एक्सरे कक्ष का निरीक्षण किया। रात तक अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच समझौते को लेकर बातचीत चलती रही। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि परजिनों ने ये लिखकर दिया है कि वे लोग शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं।

एक्सरे वाली मशीन पोर्टेबल है और नयी है। उसी से सभी के एक्सरे हो रहे हैं। स्टाफ ने मुझे बताया की मरीज का पैर लगने से मशीन का कैमरा वाला हिस्सा ऊपर गिर गया, जिसकी वजह से हादसा हो गया। स्टाफ ने जानबूझकर ऐसा नहीं किया है। अगर वो परिवार के लोग कार्रवाई चाहते हैं तो इसके लिए वो स्वतंत्र हैं। -डॉ. एमपी आर्या विधायक, अस्पताल संचालक।

ये भी पढ़ें - Pilibhit News : रफ्तार बनी काल ! ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

संबंधित समाचार