Bahraich News : 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर BJP की कार्यशाला, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
10 से 12 अगस्त तक मंडलों में तिरंगा यात्रा, 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर होगा भव्य आयोजन
बहराइच भाजपा कार्यालय में 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर कार्यशाला आयोजित हुई। 10 से 12 अगस्त तक तिरंगा यात्राएं और 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर भव्य तिरंगा यात्रा निकलेगी।
बहराइच, अमृत विचार। आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करने और 'हर घर तिरंगा' अभियान को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी बहराइच जिला कार्यालय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक में अभियान की सफलता, तिरंगा यात्रा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष बोले- 'हर घर तिरंगा' बना जन आंदोलन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ यह अभियान आज एक राष्ट्रभक्ति जन आंदोलन का रूप ले चुका है। इसने हर भारतीय के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गौरव और आत्मीयता को और मजबूत किया है। बीते 12 वर्षों में 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प के साथ भारत का मान-सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है। उन्होंने सभी से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर सेल्फी अपलोड करने और इस राष्ट्रीय उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
कार्यशाला में तय की गई कार्ययोजना के अनुसार 6 अगस्त को जिले के सभी मंडलों में कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इसके बाद 10 से 12 अगस्त के बीच 1 से 2 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, जो शहीद स्मारकों से शुरू होकर प्रमुख स्थानों से गुजरेंगी। इन यात्राओं में सुरक्षा बलों व बलिदानियों के सम्मान और रक्षा उपकरणों की सराहना वाले प्ले कार्ड शामिल रहेंगे।
स्वच्छता अभियान और शहीद परिवारों का होगा सम्मान
12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाकर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।अभियान के मुख्य दिवस 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराना सुनिश्चित किया जाएगा, जिसमें संभव होने पर बच्चों से ध्वजारोहण कराया जाएगा। इस दौरान हर मंडल में युद्ध वीरों, शहीदों और बलिदानी पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। 14 अगस्त को 'विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस' पर उपयुक्त बैनर व प्ले कार्ड के साथ मौन जुलूस निकाला जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गौरव वर्मा, को-ऑपरेटिव बैंक चेयरमैन जितेंद्र त्रिपाठी, जिला महामंत्री सुवेद वर्मा, सुनील श्रीवास्तव, अभियान संयोजक व जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, सह संयोजक जिला मंत्री एकता जायसवाल, शशिकांत त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष हेमा निगम, डॉ. डिंपल जैन, कन्हैया सोनी, रामनिवास जायसवाल, कृष्ण कुमार, अजय सिंह, प्रियंका रावत, अमित वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी शिवांकर शुक्ला, सह मीडिया प्रभारी अजीत प्रताप सिंह, युवा मोर्चा संयोजक अरुणेंद्र सिंह, महिला मोर्चा संयोजक सोनी श्रीवास्तव सहित कई जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
