कुशीनगर में खाकी शर्मसार! पार्लर संचालिका को जबरन ले जाने के मामले में दो सिपाहियों पर बड़ी कार्रवाई
ढाबा संचालक से लड़की और शराब मांगने का आरोप, मांग पूरी न होने पर महिला को जबरन ले जाने का मामला; एसपी ने पुलिस मुख्यालय को भेजी कार्रवाई की संस्तुति
कुशीनगर/लखनऊ, अमृत विचारः कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र में एक ढाबा संचालक से लड़की और शराब मांगने, न दे पाने की स्थिति में ढाबा संचालक के घर के बगल रह रह रही ब्यूटी पार्लर संचालिका को जबरिया उठा ले जाने के मामले में जांच पूरी होते ही एसपी ने दोनों सिपाहियों की बर्खास्तगी की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भेज दी है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि दोनों सिपाहियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
पीड़ित ढाबा संचालक के अनुसार, कसया थाने में तैनात सिपाही उमाशंकर यादव एवं सिपाही सत्येंद्र यादव और एक अन्य व्यक्ति सोमवार देर रात उसके कमरे पर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने शराब और एक लड़की की मांग की। मांग पूरी न होने पर उन्होंने कमरे में घुसकर ढाबा संचालक को मारा-पीटा।
आरोप है कि इसके बाद तीनों पड़ोस में रहने वाली एक ब्यूटी पार्लर संचालिका को जबरन अपने साथ गोरखपुर के माड़ापार क्षेत्र ले गए। महिला का कहना है कि उसे करीब तीन घंटे तक अपने साथ रखा गया और मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे वापस घर छोड़ दिया गया। इस दौरान उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। साथ ही उसे और ढाबा संचालक को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक केशव कुमार को शिकायत देकर न्याय की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी सिपाहियों को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में दोष साबित होते ही दोनों सिपाहियों के बर्खास्त करने की संस्तुति करते हुए एसपी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भेज दी।
यह भी पढ़ेंः पूर्व आरक्षी सुनील शुक्ला की बर्खास्तगी को सेवा अधिकरण में चुनौती, बहाली की मांग
यह भी पढ़ेंः सरयू नहर में उतराता मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में मची सनसनी; पहचान की कोशिश जारी
