Sitapur News : घंटाघर स्थित कांग्रेस कार्यालय खाली करने का आदेश, 15 दिन में कब्जा सौंपने के निर्देश
971 के बाद 55 वर्षों से किराया जमा न होने का भी आदेश में उल्लेख, समय सीमा के बाद होगी बेदखली
सीतापुर नगर पालिका ने नजूल भूमि पर संचालित जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को 15 दिन में खाली करने का आदेश दिया है। जांच में वैध पट्टा नहीं मिलने और 55 वर्षों से किराया जमा न होने की बात सामने आई।
सीतापुर, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद सीतापुर ने मोहल्ला तामसेनगंज स्थित घंटाघर इमारत के ऊपरी भाग में संचालित जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को लेकर बड़ा निस्तारण आदेश जारी किया है। अधिशासी अधिकारी (प्रभारी) द्वारा जारी आदेश में कांग्रेस कमेटी की आपत्ति को बलहीन व निराधार मानते हुए निरस्त कर दिया गया है।
नजूल भूखण्ड संख्या 244/1 पर बने इस परिसर के संबंध में प्रशासन को अनाधिकृत कब्जे की शिकायत मिली थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई जांच में पाया गया कि यह नजूल भूमि है और अभिलेखों में कांग्रेस पार्टी का कोई वैध पट्टा या मालिकाना हक दर्ज नहीं है।
55 वर्षों से जमा नहीं हुआ किराया
आपत्ति के निस्तारण में कहा गया कि 1971 के बाद से पिछले 55 वर्षों से कोई किराया भी जमा नहीं किया गया है। पालिका ने मांग पंजिका से कांग्रेस कमेटी का नाम निरस्त करते हुए 15 दिनों के भीतर परिसर का कब्जा स्वयं सौंपने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने पर बलपूर्वक बेदखली की कार्रवाई की जाएगी और उसका व्यय भी वसूला जाएगा।
