बाराबंकी के शिवालयों में विशेष तैयारी, सावन के रंग में रंगी महादेवा नगरी, भक्तिमय हुआ माहौल
रामनगर, बाराबंकी, अमृत विचार : सावन माह के आगमन को लेकर क्षेत्र के शिवालयों और देवालयों को सजाया जा रहा है। आज से शुरू हो रहे सावन में श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजन-अर्चन के लिए पहुंचेंगे।
सावन की पूर्व संध्या पर श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर के मुख्य द्वार और प्रवेश मार्ग को फूलों से सजाया गया। वहीं नागेश्वरनाथ मंदिर, धनोखर, कैलाश आश्रम, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर और औसानेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी विशेष तैयारियां की गई हैं।
लोधेश्वर महादेवा में सावनी मेले की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। शेष बचे कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं के सुगम पूजन-दर्शन के लिए मंदिर परिसर में व्यापक बैरिकेडिंग की गई है, जिसके माध्यम से आवागमन कराया जाएगा। महादेवा कॉरिडोर निर्माण कार्य के चलते पूरे मंदिर परिसर को टीन शीट से कवर किया गया है। अभरण सरोवर की सीढ़ियों पर सीमेंट के खंभों के साथ सुरक्षा जाली लगाई गई है, जबकि महिलाओं की सुविधा के लिए तालाबों के पास चेंजिंग रूम बनाए गए हैं।
बोहनिया तालाब पर बैरिकेडिंग का कार्य अंतिम चरण में है तथा शौचालय और पेयजल की भी व्यवस्था की गई है। नगर पंचायत की ओर से ऑडिटोरियम परिसर में प्रकाश, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मेला मैदान और मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था व शौचालय की समुचित व्यवस्था की गई है। मंदिर जाने वाले मार्गों पर जलभराव वाले स्थानों की गिट्टी-डस्ट से पटाई कराई गई है और हाईमास्ट व हैलोजन लाइटें लगाई गई हैं। बरसात में हादसों से बचाव के लिए मेला क्षेत्र के विद्युत पोलों को प्लास्टिक पाइप और पॉलीथीन से ढका गया है। वहीं मेले में खिलौनों सहित अन्य दुकानों का लगना भी शुरू हो गया है।
एसपी ने सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा
श्रावण मेले की तैयारियों का बुधवार को पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने एसडीएम आकांक्षा गुप्ता के साथ लोधेश्वर महादेवा मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैरिकेडिंग, शिव सरोवर, विद्युत सुरक्षा, पुलिस व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। एसपी ने बैरिकेडिंग में आपातकालीन गेट चिन्हित करने, सुरक्षा प्वाइंटों पर ब्लू कटर उपलब्ध कराने, शिव सरोवर में चार मोटर बोट तैनात करने तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।
साथ ही मेला परिसर में दुकानों के बीच पर्याप्त रास्ता, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था, बेहतर साफ-सफाई और पुलिस बल के ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगतराम कनौजिया, प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
