श्रावण से पहले एक्शन में लखनऊ महापौर: कोनेश्वर और बुद्धेश्वर महादेव मंदिरों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए खास निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

भगवान शिव का पूजन कर शहरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना, मंदिरों के आसपास सफाई, पेयजल और अन्य सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

लखनऊ। श्रावण मास शुरू होने से पहले लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने बुधवार को चौक स्थित कोनेश्वर महादेव मंदिर और बुद्धेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना कर शहरवासियों के सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नगर आयुक्त गौरव कुमार को निर्देश दिए कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर के सभी प्रमुख शिव मंदिरों और अन्य मंदिरों के आसपास नियमित सफाई, कूड़ा उठान, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी है कि मंदिरों के आसपास स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर महापौर ने कोनेश्वर महादेव मंदिर के प्रमुख पुजारी पंडित शिव प्रकाश पाण्डेय से आशीर्वाद भी लिया और सभी गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

इस मौके पर पार्षद अनुराग मिश्रा 'अन्नू', धर्मेंद्र यादव, पूर्व महामंत्री भाजपा राम अवतार कन्नौजिया, नगर आयुक्त गौरव कुमार, जोन-6 के जोनल अधिकारी अमरजीत यादव, लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम कपूर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः Birth-Death Registration Bill 2026: जन्म या मृत्यु का रजिस्ट्रेशन टालना पड़ेगा भारी! नए बिल से बदलेंगे नियम, जानिए आपके लिए क्या होगा असर

संबंधित समाचार