Bareilly News : सावन के पहले दिन बरेली पहुंचेंगे चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी, अलर्ट पर बरेली मंडल के अधिकारी
बरेली, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और डीजीपी (पुलिस महानिदेशक ) राजीव कृष्णा, सावन के पहले दिन, कल-30 जुलाई को बरेली पहुंच रहे हैं। शासन के शीर्ष अधिकारियों का दौरा प्रस्तावित होते ही बरेली मंडल के अधिकारी अलर्ट हो गए हैं। विशेषकर कांवड़ यात्रा को लेकर...। तैयारियां युद्ध स्तर पर तेज कर दी गई हैं। सावन के शुभारंभ पर चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी का बरेली दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी के बरेली आने की सूचना मिलते ही बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक हल्के में हलचल तेज हो गई है। मंडल के चार जनपद, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं यानी चारों जिलों के अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। कानून व्यवस्था से लेकर कांवड़ की तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं तक, सब कुछ व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया है।
गुरुवार को चीफ सेक्रेटरी शासन की योजनाओं की स्थिति परखेंगे। चारों जनपदों में कल्याणकारी योजनाओं और शासन की प्राथमिकताओं वाले कार्यों की जमीनी स्थिति जानेंगे। दूसरी तरफ डीजीपी बरेली क्षेत्र में कानून व्यवस्था की नब्ज टटोलेंगे।
माना जा रहा है कि इस दौरे पर सीधे सीएम कार्यालय से नजर रहेगी। बरेली मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक भी होगी। इसमें कुछ बड़े एक्शन भी देखने को मिल सकते हैं।
कांवड़ यात्रा पर नजर
गुरुवार को सावन का पावन माह शुरू हो रहा है। इसी के साथ कांवड़ यात्राओं का शुभारंभ हो जाएगा। बरेली परिक्षेत्र में लाखों कांवड़िये गंगा जल लेने निकलते हैं। बरेली बैठक के दौरान सबसे प्रमुख बिंदु कांवड़ यात्रा ही रहेगी। शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता यही है कि कावंड़ यात्राएं शांतिपूर्वक और गरिमामय वातावरण में संपन्न हों। इसलिए बरेली मंडल के चारों जिलों में कांवड़ मार्गों की क्या स्थिति हैं। वहां सुरक्षा व्यवस्था के क्या इंतजाम किए गए हैं। शासन ने जो दिशा-निर्देश जारी किए थे-उनका कितना पालन किया गया। कौन से सेंसटिव मार्ग हैं और कहां-कितनी फोर्स तैनात रहेगी। सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन की क्या स्थिति है? सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े तमाम पहलुओं पर मंथन होगा। ढिलाई मिलने पर कार्रवाई तय है।
महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
महिला सुरक्षा का मुद्दा सीएम की प्राथमिकता में शामिल है। वह अक्सर अपनी सभाओं में महिला सुरक्षा के मुद्दे को सर्वोच्च रखते हैं। ऐसे में डीजीपी बरेली क्षेत्र में महिला अपराध से जुड़े मामलों की टोह लेंगे। ऐसे मामलों में कार्रवाई की स्थिति भी जानेंगे और महिला अपराध के विषय में पुलिस की तत्परता, लापरवाही-दोनों जानेंगे। महिलाओं से जुड़े अपराधों में कार्रवाई की स्थिति और पेंडेंसी पर भी बात होगी।
गड्ढा मुक्त सड़कें
कांवड़ के दौरान शहर के मुख्य मार्गों की क्या स्थिति है? गड्ढे तो नहीं हैं? विशेषकर सातों नाथ मंदिरों को जाने वाले रास्तों की हालत भी देखी जा सकती है। चीफ सेक्रेटरी इस मामले में जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा यातायात को लेकर रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार किया गया जा चुका है।
कानून व्यवस्था पर सख्ती
डीजीपी बरेली पुलिस लाइन सभागार में बरेली मंडल के चारों जिलों के कप्तानों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान जिलों में कानून व्यवस्था की स्थिति परखेंगे। कानून व्यवस्था को लेकर सीएम बेहद सख्त हैं और संभव है कि जहां भी रत्ती भर ढिलाई मिली तो कार्रवाई तय है।
स्मार्ट सिटी का निरीक्षण
स्मार्ट सिटी बरेली में विकास कार्यों की जायजा भी लिया जाएगा। चीफस सेक्रेटरी निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी कर सकते हैं। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत बरेली में सड़कों का चौड़ीकरण चल रहा है। सौंदर्यीकरण और आधुनिक बस टर्मिनल निर्माण कार्य जारी है। संभव है कि चीफ सेक्रेटरी इनमें से किसी प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंच जाएं।
सक्रिय हो गए अधिकारी
चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी के दौरे की भनक के बरेली मंडल के शीर्ष अधिकारियों से लेकर नीचे तक, सब अलर्ट हो गए हैं। कांवड़ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर ट्रैफिक बंदोवस्त तक का भौतिक सत्यापन किया जाने लगा है। बुधवार को बरेली मंडल के शीर्ष अधिकारी बरेली मंडल में फील्ड पर सक्रिय रहे। चारों जिलों में यही स्थिति रही है। अधिकारी खुद उन सभी बिंदुओं को रख रहे हैं, जो शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं।
