Bahraich News: तेज रफ्तार ट्रक और सीएनजी टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत, चालक की मौत, कई घायल
नानपारा, बहराइच। नानपारा टोल प्लाजा और चीनी मिल के बीच बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक और सीएनजी टेंपो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में टेंपो चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि टेंपो में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीएनजी टेंपो नानपारा की ओर आ रहा था, जबकि ट्रक बहराइच की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में सीएनजी टेंपो चालक मुकुल गुप्ता, पुत्र अज्ञात, निवासी बहराइच की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं टेंपो में सवार दीक्षा पत्नी अभिषेक (32 वर्ष), सादिया पुत्री अभिषेक (ढाई वर्ष) तथा अभिषेक पुत्र मुन्नू लाल (38 वर्ष), निवासी रामनगर, एलआरपी चौकी, जनपद लखीमपुर खीरी घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त सीएनजी टेंपो को सड़क किनारे खड़ा करवा दिया गया है तथा ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः इंडो-नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: 2 किलो चरस के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी बरामद
यह भी पढ़ेंः हरदोई में रातभर पति के शव के साथ सोती रही पत्नी, लमकन गांव से सामने आया हैरान करने वाला मामला
