Gonda News: बीएसए ने बांटी हाउस ड्रेस, बोले-सरकारी स्कूल अब किसी से कम नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाओं पर जोर, विद्यार्थियों को वितरित की गई हाउस ड्रेस

गोंडा, अमृत विचार। परिषदीय विद्यालय अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और नवाचारों के बल पर निजी विद्यालयों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा भी उपलब्ध कराई जा रही है। यह बात जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर, परसपुर में आयोजित हाउस ड्रेस (लोअर-टीशर्ट) वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

बीएसए अमित कुमार सिंह ने कक्षा छह, सात और आठ के छात्र-छात्राओं को हाउस ड्रेस वितरित करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। उन्होंने कहा कि आज सरकारी विद्यालय किसी भी रोल मॉडल से कम नहीं हैं और यहां बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह, आधुनिक शिक्षा पर दिया जोर

विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सीमा पांडेय एवं जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) राजेश सिंह ने भी विद्यार्थियों को हाउस ड्रेस वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। राजेश सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालय अब आधुनिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और नवाचारों के कारण नई पहचान बना रहे हैं। वहीं, सीमा पांडेय ने कहा कि हाउस ड्रेस जैसी पहल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करती है।

विद्यार्थियों में प्रेरणा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना होगी विकसित

विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि इस वर्ष कक्षा छह, सात और आठ के विद्यार्थियों की टी-शर्ट पर डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम हाउस, स्वामी विवेकानंद हाउस और सी.वी. रमन हाउस के नाम अंकित किए गए हैं, जिससे बच्चों में प्रेरणा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी।

उन्होंने बताया कि आधुनिक शैक्षिक वातावरण, अनुशासित कार्यसंस्कृति और नवाचारों के कारण विद्यालय क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मॉडल बनकर उभर रहा है। इस अवसर पर सहायक अध्यापक अखिलेश कुमार, महेश कुमार सहित विद्यालय परिवार एवं अभिभावक उपस्थित रहे।


ये भी पढ़ें : 
Barabanki News: सरयू का जलस्तर बढ़ने से  प्रशासन अलर्ट, नाव से प्रभावित गांवों व राहत शिविरों का निरीक्षण

संबंधित समाचार