यात्री ध्यान दें : 7 अगस्त तक मुरादाबाद-बरेली रूट पर ट्रेन सफर आसान नहीं ! 22 दिन तक बदला रहेगा मार्ग और समय
हरदोई, अमृत विचार : रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेल पथ की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में मुरादाबाद-बरेली रेलखंड पर व्यापक पर रेलवे ट्रैक की मरम्मत और टेम्पिंग का कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य के चलते 16 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक (18 जुलाई, 28 जुलाई और 2 अगस्त को छोड़कर) कुल 20 ट्रैफिक ब्लॉक लिए जा रहे हैं। इन ब्लॉकों के कारण कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग और संचालन समय में अस्थायी बदलाव किया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार अनुरक्षण कार्य नगरिया सादात, शहजाद नगर, धमोरा, मुण्डापांडे, रामपुर जंक्शन, क्लटरबकगंज, भिटौरा, परसा खेड़ा, दूगनपुर और मिलक स्टेशनों के बीच चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है।
इस दौरान ट्रैक की मजबूती बढ़ाने और भविष्य में सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक मशीनों से कार्य किया जा रहा है। रेल प्रशासन ने बताया कि ट्रैफिक ब्लॉक की योजना इस प्रकार तैयार की गई है कि आवश्यक मालगाड़ियों, विशेष रूप से कोयला और खाद्यान्न से जुड़ी रेकों का संचालन अधिक प्रभावित न हो।
इसके बावजूद कुछ यात्री ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन और कुछ के संचालन में विलंब रहेगा।निर्धारित तिथियों में गाड़ी संख्या 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस को मुरादाबाद-चंदौसी-बरेली कैंट मार्ग से चलाया जाएगा। इस दौरान रामपुर जंक्शन का ठहराव नहीं होगा, जबकि बरेली जंक्शन के स्थान पर बरेली कैंट स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।
राज्यरानी एक्सप्रेस अभी परिवर्तित मार्ग से होगी संचालित
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इस ट्रेन का रामपुर जंक्शन, मिलक और क्लटरबकगंज स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से निरस्त रहेगा तथा बरेली कैंट में अतिरिक्त ठहराव मिलेगा। वहीं 29 जुलाई को 15652 जम्मूतवी-गुवाहाटी एक्सप्रेस और 17, 20, 22, 24, 30 जुलाई तथा 1, 5 और 7 अगस्त को 22454 मेरठ सिटी-लखनऊ एक्सप्रेस भी बदले हुए मार्ग से संचालित की जाएगी।इसके अलावा 12204 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस को 22 जुलाई, 1 अगस्त और 5 अगस्त को लगभग 30 मिनट तथा 26 जुलाई को करीब 90 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा।
वहीं 15128 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस 26 जुलाई को लगभग 30 मिनट विलंब से संचालित होगी।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति, समय और मार्ग की जानकारी रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवा या एनटीईएस से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
