हज यात्रियों के साथ खुशखबरी : आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 24 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

30 जुलाई को होगा डिजिटल कुर्रा, चयनित हज यात्रियों को 10 अगस्त तक जमा करनी होगी अग्रिम राशि

हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई से बढ़ाकर 24 जुलाई कर दी गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने इच्छुक आवेदकों से समय रहते आवेदन पूरा करने की अपील की है। हज यात्रियों का चयन 30 जुलाई को डिजिटल कुर्रा के जरिए होगा।

कानपुर नगर, अमृत विचार। हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले इच्छुक लोगों को राहत देते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब अभ्यर्थी 24 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित प्रताप सिंह ने सभी पात्र आवेदकों से समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

24 जुलाई तक पूरा करें आवेदन

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, लखनऊ और हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा जारी सर्कुलर-3 के अनुसार हज-2027 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई से बढ़ाकर 24 जुलाई कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पंजीकरण तो करा लिया है, लेकिन आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे अंतिम तिथि से पहले इसे अनिवार्य रूप से पूरा कर लें। इसके बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

पासपोर्ट जल्द प्राप्त करने की सलाह

अधिकारी ने कहा कि जिन आवेदकों को अभी तक भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट प्राप्त नहीं हुआ है, वे संबंधित पासपोर्ट कार्यालय से तत्काल संपर्क कर पासपोर्ट प्राप्त करें, ताकि समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सके।

30 जुलाई को होगा डिजिटल कुर्रा

हज यात्रियों के चयन के लिए 30 जुलाई 2026 को मुंबई स्थित हज हाउस में ऑनलाइन डिजिटल कुर्रा (रैंडम चयन) आयोजित किया जाएगा। चयनित यात्रियों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर जारी की जाएगी और चयनित आवेदकों को एसएमएस के माध्यम से भी सूचना दी जाएगी।

10 अगस्त तक जमा करनी होगी अग्रिम राशि

डिजिटल कुर्रा में चयनित प्रत्येक हज यात्री को 10 अगस्त तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम धनराशि हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्धारित बैंक खाते में जमा करनी होगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने सभी इच्छुक आवेदकों से अपील की कि अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

संबंधित समाचार