NEET Protest : छात्रों से बातचीत को तैयार सरकार, जेपी नड्डा बोले- आवास या कार्यालय में हो सकती है बैठक

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

कॉजपा ने जंतर-मंतर या तटस्थ स्थान पर वार्ता की रखी शर्त, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी

NEET पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सरकार की ओर से फिर पहल की है। नड्डा ने कहा कि वार्ता उनके आवास या कार्यालय में हो सकती है, जबकि प्रदर्शनकारी संगठन कॉजपा जंतर-मंतर या किसी तटस्थ स्थान पर ही बातचीत की मांग पर अड़ा हुआ है।

नई दिल्ली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर जारी छात्रों के आंदोलन के बीच केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को कहा कि सरकार प्रदर्शनकारी युवाओं के साथ बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि वार्ता उनके आवास या कार्यालय में हो सकती है।

संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान नड्डा से जब पूछा गया कि क्या सरकार छात्रों के संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के साथ दूसरे दौर की बातचीत को तैयार है, तो उन्होंने कहा, "हां, हम तैयार हैं।" बैठक के स्थान पर उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी उनके आवास या कार्यालय में आ सकते हैं।

कॉजपा ने सरकार का प्रस्ताव ठुकराया

सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को नड्डा की ओर से कॉजपा को बातचीत का निमंत्रण भेजा गया था, लेकिन संगठन के नेताओं ने इसे स्वीकार नहीं किया। इससे पहले बुधवार को भी सरकार की ओर से वार्ता का प्रस्ताव दिया गया था, जिसे कॉजपा ने यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया कि बातचीत किसी तटस्थ स्थान या जंतर-मंतर पर ही होनी चाहिए।

'जनता की अदालत यहीं लगी है'

कॉजपा के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पुलिस ने उन्हें गुरुवार सुबह नड्डा की ओर से आवास पर चर्चा के लिए आमंत्रण मिलने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा, "हम किसी के घर या दफ्तर नहीं जाएंगे। जनता की अदालत यहीं लगी है। मंत्रियों को जनता के बीच आना चाहिए। यदि बातचीत करनी है तो जंतर-मंतर पर होनी चाहिए।" हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन बातचीत के खिलाफ नहीं है। यदि सुरक्षा संबंधी कोई चिंता हो तो प्रदर्शन स्थल के पास किसी तटस्थ स्थान पर वार्ता के प्रस्ताव पर विचार किया जा सकता है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

कॉजपा पिछले महीने से जंतर-मंतर पर NEET प्रश्नपत्र लीक मामले में जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर धरना दे रही है। सोमवार को संगठन के दो प्रतिनिधियों ने नड्डा के आवास पर पहले दौर की बातचीत भी की थी, जिसमें उन्होंने अपनी मांगें सरकार के सामने रखी थीं।

संबंधित समाचार