गोरखपुर के पहले 6 लेन फ्लाईओवर समेत 14 परियोजनाओं का CM ने किया लोकार्पण, कहा- आस्था पर प्रहार करने वाले आज दे रहे उपदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

सीएम योगी ने 995 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात, सपा-कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 995 करोड़ रुपये की 14 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर आस्था, रोजगार, कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। साथ ही डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।

गोरखपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर को 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने शहर के पहले 2.6 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर समेत 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 181.77 करोड़ रुपये की 10 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

995 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने टीपी नगर-पैडलेगंज मार्ग पर बने गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। इसके अलावा विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करते हुए कहा कि बेहतर आधारभूत ढांचा प्रदेश की तरक्की की गति को और तेज करेगा।

'आस्था पर प्रहार करने वाले आज दे रहे उपदेश'

सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सत्ता में रहते हुए आस्था पर प्रहार करने वाले आज खुद को सबसे बड़ा आस्थावान बताने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं के मुंह से आस्था की बातें हास्यास्पद लगती हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में बाधाएं खड़ी कीं और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, जबकि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व और मंदिर आंदोलन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष रखा।

रोजगार, कानून-व्यवस्था और इंसेफेलाइटिस पर भी घेरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने युवाओं को रोजगार से वंचित किया, किसानों के अधिकारों की अनदेखी की और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को कमजोर किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में दंगे, अपराध और अराजकता आम बात थी। उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि पहले हजारों बच्चों की मौत होती थी, लेकिन अब सरकार के प्रयासों से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है।

'डबल इंजन सरकार में बढ़ा निवेश और रोजगार'

योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के दौरान प्रदेश में बिना भेदभाव नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिली, जबकि निजी निवेश के माध्यम से 65 लाख लोगों को रोजगार मिला। उन्होंने कहा कि एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) योजना से पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान मिली और करोड़ों युवाओं व कारीगरों को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हुए।

गोरखपुर के विकास का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोरखपुर माफिया, अपराध और मच्छरों के लिए बदनाम था, लेकिन आज यह निवेश, पर्यटन और रोजगार का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि गीडा में बड़े पैमाने पर निवेश हुआ है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिला है। योगी ने रामगढ़ताल, एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, खाद कारखाने, बेहतर सड़क, रेल और हवाई संपर्क समेत गोरखपुर में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

'बेहतर कनेक्टिविटी से बढ़ेगी समृद्धि'

मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की नींव होता है। उन्होंने बताया कि अब गोरखपुर से लखनऊ की दूरी साढ़े तीन घंटे और वाराणसी की दूरी करीब ढाई घंटे में तय की जा सकती है। साथ ही शहर से 14 हवाई उड़ानें संचालित हो रही हैं और रेलवे नेटवर्क भी पहले से अधिक मजबूत हुआ है।

संबंधित समाचार