Bahraich News : गोरखपुर-बहराइच इंटरसिटी की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, गोबरे बाग में पसरा मातम
कान्धी कुइयां रेलवे गुमटी के पास हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बहराइच। रेलवे ट्रैक पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कान्धी कुइयां रेलवे गुमटी के पास गुरुवार को एक हृदयविदारक दुर्घटना घटी। यहां 05131 गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आई महिला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला रेलवे गुमटी के समीप ही जा रही थी, तभी अचानक तेज रफ्तार से आ रही गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही सांसें थम गईं। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय निवासियों की मदद से मृतका की पहचान नीलम पत्नी राजीव तिवारी, उम्र 51 वर्ष, के रूप में हुई। वह गोबरे बाग अमदापुर की रहने वाली थीं।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
जैसे ही हादसे की खबर मृतका के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गोबरे बाग और आसपास के इलाके में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस और आरपीएफ ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही पयागपुर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव को कब्जे में ले लिया और आवश्यक लिखा-पढ़ी के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दुर्घटना का लग रहा है, फिर भी सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।
