Gonda News: हाईकोर्ट के निर्देश के बाद बीएसए अलर्ट, सरप्लस शिक्षकों से मांगी आपत्तियां

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

27 जुलाई तक ऑफलाइन माध्यम से दर्ज करा सकेंगे आपत्ति, समायोजन प्रक्रिया के बीच शिक्षकों को दिया गया अंतिम मौका

गोंडा, अमृत विचार। जनपद में सरप्लस घोषित किए गए शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया के बीच बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रभावित शिक्षकों को अंतिम अवसर दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि समायोजन सूची में शामिल शिक्षक-शिक्षिकाएं 27 जुलाई तक ऑफलाइन माध्यम से अपनी आपत्तियां दाखिल कर सकते हैं। निर्धारित प्रारूप पर दो सेट में आपत्ति बीएसए कार्यालय में प्रस्तुत करनी होगी। साथ ही आपत्ति की एक प्रति उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज को स्पीड पोस्ट अथवा रजिस्टर्ड डाक से भेजना भी अनिवार्य होगा।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुई आपत्ति प्रक्रिया

याची सौरभ कुमार सिंह एवं अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सरप्लस शिक्षकों से आपत्ति लेने का आदेश दिया है। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव के निर्देश के बाद बीएसए कार्यालय ने जिले में प्रक्रिया शुरू करा दी है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि अब केवल सीमित बिंदुओं पर ही आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। शिक्षक पोर्टल पर प्रदर्शित सूची में दर्ज आंकड़ों की त्रुटि अथवा पिछले पांच वर्षों के भीतर नियुक्त या तैनात कनिष्ठ शिक्षक के रहते वरिष्ठ शिक्षक को सरप्लस घोषित किए जाने जैसे मामलों में ही आपत्ति दर्ज की जा सकेगी।

वरिष्ठता के आधार पर लागू होगा फर्स्ट कम, फर्स्ट गो सिद्धांत

पांच वर्ष से अधिक समय से तैनात शिक्षकों के मामले में "फर्स्ट कम, फर्स्ट गो" यानी वरिष्ठता का सिद्धांत लागू रहेगा। हाईकोर्ट ने यह भी व्यवस्था दी है कि आपत्तियों का निस्तारण विद्यालयवार, ब्लॉकवार और जनपदवार किया जाएगा। आवश्यकता होने पर संबंधित शिक्षक को व्यक्तिगत रूप से अथवा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी सुनवाई का अवसर दिया जाएगा। आपत्तियों के निस्तारण के बाद विद्यालय, ब्लॉक और जनपदवार रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।

प्रत्येक आपत्ति की दर्ज होगी अलग क्रम संख्या

बीएसए अमित सिंह ने बताया कि प्रत्येक आपत्ति की अलग-अलग क्रम संख्या दर्ज की जाएगी और उसकी प्राप्ति रसीद संबंधित शिक्षक को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए बीएसए कार्यालय में पृथक पंजिका भी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्राप्त सभी मूल आपत्तियां क्रमवार संकलित कर एक अगस्त तक सचिव उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज को भेजी जाएंगी। इस संबंध में बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जिले में 209 शिक्षक किए गए हैं सरप्लस घोषित

जिले के परिषदीय स्कूलों में कार्यरत 209 शिक्षकों को सरप्लस घोषित किया गया है। बीते सप्ताह ही सरप्लस शिक्षकों की सूची जारी की गई है। इन सरप्लस शिक्षकों को एकल शिक्षक या शिक्षक विहीन स्कूलों में समायोजित किया जाना है। गौरतलब है कि जिले के 457 स्कूल शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। इनमें 139 प्राथमिक और 358 उच्च प्राथमिक स्कूल शामिल हैं।

ये भी पढ़ें : 
Gonda News: खतरे के निशान से ऊपर बह रही घाघरा, कटान से खेत और पेड़ नदी में समाए

संबंधित समाचार