कानपुर : हाईवे पर खड़े ट्रैक्टर में घुसी बाइक, माता-भांजे की मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

कानपुर, अमृत विचार : महाराजपुर में तीन दिन पहले डंपर में पीछे से घुसी स्कर्पियो में सवार भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हुई थी। उसके बाद बुधवार शाम सचेंडी में हाईवे के किनारे खराब खड़े ट्रैक्टर-ट्राली में बाइक घुसने से मामा-भांजे की मौत हो गई।

मूलरूप से हमीरपुर निवासी दोनों युवक बुधवार शाम बाइक से रनिया स्थित फैक्ट्री से काम करके लौट रहे, तभी रास्ते में हादसा हुआ। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल हैलट में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। 

फतेहपुर सिसोलर के बक्छा गांव निवासी फल्लू सोनी का 21 वर्षीय बेटा सुनील उर्फ सत्यम काम के सिलसिले में करीब 10 दिन पहले कानपुर आया था। उसके परिवार में मां शिव कुमारी, बड़ा भाई अनिल, रवि और तीन बहनें सीता, प्रियंका व प्रांशी हैं। परिजनों ने बताया कि फतेहपुर अनदौली निवासी सुनील का भांजा 23 वर्षीय कृष्ण कुमार ने आठ दिन पहले उसकी नौकरी रनिया स्थित फैक्ट्री में लगवाई थी।

जहां वह खुद भी काम करता था। बुधवार शाम को दोनों बाइक से फैक्ट्री से लौट रहे थे, तभी चकरपुर मंडी के पास हाईवे के किनारे खराब खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में उनकी अनियंत्रित बाइक घुस गई। हादसे में दोनों की जान चली गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शवों को पोस्टमार्टम भिजवाया। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। कृष्ण कुमार एकलौता बेटा था। परिवार में मां सुमन, पत्नी निशा व एक बेटा है। पिता राकेश सोनी ने बताया कि कृष्ण कुमार 10 साल से सचेंडी में किराए पर कमरा लेकर रहता था। पहले वह एक कंपनी में डिलीवरी ब्वाय का काम करता था। सात माह पहले उसने वह काम छोड़कर रनियां स्थित फैक्ट्री में काम करने लगा था। इसके बाद अपने मामा को भी साथ में काम पर रखवा दिया था। दोनों सचेंडी में एक ही कमरे में रहकर नौकरी करते थे।

पहिया पंक्चर होने से खड़ा था ट्रैक्टर

सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि ट्रैक्टर का पहिया पंक्चर होने के कारण वह हाईवे के किनारे खड़ा था। ट्रैक्टर चालक पंक्चर बनवाने के लिए मिस्त्री की तलाश में गया था। इसी बीच हादसा हो गया। बाइक सवार मामा-भांजे हेलमेट नहीं लगाए थे, जिससे सिर पर गंभीर चोट आई। परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार