शहीद शैलेंद्र तोमर के घर चोरी का खुलासा, पांच गिरफ्तार
कर्ज से परेशान युवकों ने शराब पार्टी के बाद वारदात को दिया था अंजाम
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: पीजीआई के एकतानगर साहू कालोनी निवासी शहीद शैलेंद्र सिंह तोमर के घर में हुई लाखों की चोरी का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में पांच दोस्तों को गुरुवार डलौना रेलवे क्रासिंग के अंडर पास के करीब से दबोचा गया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने ढाई सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कर्ज उतारने के लिए शराब पार्टी के बाद वारदात को अंजाम दिया था।
इंस्पेक्टर पीजीआई सुनील कुमार सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में रायबरेली के शिवगढ़ स्थित धुंधगढ़ का शुभम, शनि, दिलीप, बछरावां के सब्जी का गोविंद और नितिन शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 19 वर्ष से 26 वर्ष के बीच है। सिर्फ शनि स्नातक की पढ़ाई किये है। बाकी हाईस्कूल, आठवीं, नवीं, छठीं पास सभी ऑटो चलाते हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि दिलीप एक सप्ताह पूर्व ऑटो की सवारी बुक कर एकतानगर साहू कालोनी आया था। एक मकान की रेकी की। जिसकी दीवार पर ग्रिल नहीं था। वापस आकर साथियों संग चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
शहीद की पत्नी प्रतिभा के मुताबिक, वह 11 जुलाई को घर में ताला लगाकर अपने गांव गई थीं। 14 जुलाई की शाम जब वह वापस लौटीं, तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई की रात पांचों बदमाशों ने पहले रायबरेली में शराब पार्टी की और फिर शुभम की ओला कार से लखनऊ पहुंचे। शुरुआत में सभी बिना ग्रिल वाले मकान में घुसे, लेकिन अंदर लोगों की आहट मिलते ही वे छत के रास्ते शहीद के बंद पड़े मकान में जा पहुंचे। वहां ताला तोड़कर उन्होंने सोने-चांदी के जेवर, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, मिक्सी समेत अन्य कीमती सामान चोरी किया और फरार हो गए।
ओला कार का बकाया चुकाने के लिए की घटना
पूछताछ में शुभम ने बताया कि उस पर किराये की ओला कार का काफी पैसा बकाया चल रहा था। शनि अपना गिरवी रखा हुआ लैपटॉप छुड़ाना चाहता था, जबकि बाकी साथी भी आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। सभी पेशे से वाहन चालक हैं और अपनी पैसों की जरूरतें पूरी करने के लिए उन्होंने चोरी का रास्ता चुन लिया।
