Lucknow News : सड़क नहीं बनी तो 'कीचड़ महोत्सव' मनाएंगे आवंटी, LDA अफसरों को भी भेजा न्योता; विरोध का अनोखा तरीका बना चर्चा का विषय
लखनऊ, अमृत विचार। तीन साल तक शिकायतें कीं, अधिकारियों के चक्कर लगाए, आश्वासन मिले... लेकिन सड़क नहीं बनी। अब एलडीए के सरगम, सृष्टि, स्मृति, जनेश्वर और शुलभ अपार्टमेंट के आवंटियों ने विरोध का ऐसा तरीका चुना है, जिसकी शहरभर में चर्चा हो रही है। 12 जुलाई को यहां 'कीचड़ महोत्सव' मनाया जाएगा। खास बात यह है कि इस महोत्सव में शामिल होने के लिए एलडीए के अधिकारियों को बाकायदा निमंत्रण पत्र देकर बुलाया गया है।
आवंटियों का कहना है कि अपार्टमेंट के सामने की सर्विस रोड पिछले तीन वर्षों से बदहाल है। डेढ़ से दो फीट गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भरने से सड़क की जगह कीचड़ और नाले जैसा नजारा बन गया है। रोजाना लोग फिसल रहे हैं, वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
निवासियों के मुताबिक, सड़क निर्माण के लिए कई बार एलडीए को पत्र लिखे गए और अधिकारियों से मुलाकात कर समस्या बताई गई। 22 अप्रैल को यह जानकारी दी गई थी कि उसी दिन सड़क निर्माण का टेंडर खुलना है। इसके बाद से लोग काम शुरू होने का इंतजार करते रहे, लेकिन बरसात आ गई और सड़क की हालत पहले से भी बदतर हो गई।
इसी के विरोध में सरगम अपार्टमेंट आरडब्ल्यूए ने 12 जुलाई को 'कीचड़ महोत्सव' आयोजित करने का फैसला लिया है। शुक्रवार को आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनुरोध कुमार राय, प्रवीण सिंह और मुकेश तिवारी ने एलडीए कार्यालय पहुंचकर अपर सचिव सीपी त्रिपाठी समेत अधिकारियों को कार्यक्रम का निमंत्रण दिया।
आवंटियों का कहना है कि जब शिकायतों और पत्रों का असर नहीं हुआ, तो अब अधिकारियों को उसी कीचड़ में बुलाकर हालात दिखाए जाएंगे, ताकि वे खुद समझ सकें कि बरसात में यहां के लोगों को किन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
