सालों से जाम नाले की सफाई को लेकर ग्रामीण का अनोखा विरोध, सिर मुंडवाकर अर्धनग्न धरने पर बैठा, प्रशासन ने शुरू कराई सफाई
बाराबंकी, अमृत विचार। अनूपगंज कस्बे में वर्षों से गंदगी से अटे पड़े नाले की सफाई न होने से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आ गया। ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली से नाराज ग्रामीण अताउर्रहमान ने ग्राम प्रधान पर लगातार शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए सिर मुंडवाकर अर्धनग्न अवस्था में धरना शुरू कर दिया। विरोध का यह अनोखा तरीका पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना रहा।
धरने पर बैठे अताउर्रहमान ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय से महुआ तालाब तक जाने वाला नाला कई वर्षों से गाद और कचरे से पूरी तरह पटा हुआ है। बरसात शुरू होते ही जलनिकासी व्यवस्था ठप हो जाती है, जिससे मोहल्ले में जलभराव, दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि नाले की सफाई न होने से लोगों के घरों में पानी घुसने का खतरा बना रहता है और संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बढ़ गई है।
अताउर्रहमान का आरोप है कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान इरशाद तथा संबंधित अधिकारियों से नाले की सफाई कराने की मांग की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। उनका कहना था कि ग्राम प्रधान की उदासीनता के कारण गांव की यह गंभीर समस्या वर्षों से अनदेखी का शिकार बनी हुई है। मजबूर होकर उन्हें सिर मुंडवाकर अर्धनग्न धरना देने जैसा कदम उठाना पड़ा।
धरने के दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तत्काल नाले की सफाई शुरू नहीं कराई गई तो वह आमरण भूख हड़ताल पर बैठेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी ग्राम पंचायत और प्रशासन की होगी। धरने की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। खंड विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि सचिव पवन कुमार के साथ कर्मचारियों को मौके पर भेजकर नाले की सफाई शुरू करा दी गई है। सफाई कार्य प्रारंभ होने के बाद अताउर्रहमान ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
ये भी पढ़ें :
Bareilly News : मॉर्निंग रेड में 66 घरों में बिजली चोरी पकड़ी, 512 घरों में पुलिस टीमों ने अचानक पहुंचकर की जांच
