Gonda Crime News: दोस्तों के साथ घर से निकला युवक, सुबह सड़क किनारे मिला शव; सिर-पैर पर चोटों ने बढ़ाया हत्या का शक

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

गोंडा के रामापुर गांव में 18 वर्षीय प्रिंस शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग उसे घर से बुलाकर ले गए थे। तड़के सड़क हादसे की सूचना मिली, लेकिन सिर और पैर पर चोटों के निशान देखकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।

गोंडा, अमृत विचार: नवाबगंज थाना क्षेत्र के रामापुर गांव में बुधवार देर शाम घर से कुछ लोगों के साथ निकले 18 वर्षीय युवक की गुरुवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

रामापुर गांव निवासी घिराऊ शर्मा का 18 वर्षीय पुत्र प्रिंस शर्मा बुधवार देर शाम घर पर था। परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान कुछ लोग उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। काफी देर तक जब प्रिंस वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। रात गुजरने के बावजूद युवक के घर न पहुंचने से परिजनों की चिंता बढ़ती गई।

Gonda Murder News (2)
मृतक का फाइल फोटो

 

परिजनों के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब तीन बजे उन्हीं लोगों की ओर से सूचना दी गई कि प्रिंस का सड़क हादसा हो गया है और वह सड़क किनारे पड़ा है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। वहां प्रिंस का शव सड़क किनारे पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों का आरोप है कि युवक के सिर और पैर पर गंभीर चोटों के निशान थे। उनका दावा है कि चोटों की प्रकृति सामान्य सड़क हादसे से अलग प्रतीत हो रही है।

हादसा या हत्या, जांच में जुटी पुलिस

अमृत विचार: घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल युवक की मौत को लेकर सड़क हादसे और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस युवक के घर से निकलने के बाद उसके साथ कौन-कौन लोग थे, वह घटनास्थल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

Gonda Murder News (1)
मामले की जांच में जुटी पुलिस
 
मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाल रही पुलिस

मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घर से निकलने के बाद प्रिंस ने किन लोगों से संपर्क किया था और घटना से पहले उसकी किन लोगों से बातचीत हुई थी। इसके अलावा जिन लोगों के साथ युवक के घर से जाने की बात सामने आई है, उनसे भी पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और चोटों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद रामापुर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। परिवार युवक की मौत को हादसा मानने को तैयार नहीं है और हत्या की आशंका जता रहा है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ेंः बाराबंकी में ट्रांसफार्मर को लेकर बवाल, दरोगा ने की किसान की पिटाई... भड़के ग्रामीण; जानें आखिर क्या है पूरा मामला

संबंधित समाचार