Bareilly News : सफाई में लापरवाही पर पांच फर्मों पर लगाया जुर्माना
शहर में जगह-जगह गंदगी और डोर-टू-डोर कूड़ा न उठने पर भड़के नगर आयुक्त
बरेली में सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर नगर आयुक्त ने सख्त कार्रवाई करते हुए 5 फर्मों पर 95 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
बरेली, अमृत विचार। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को ताक पर रखकर मनमानी कर रहीं सफाई करने वाली संस्थाओं और सुस्त पड़े विभागीय अमले पर बुधवार को नगर आयुक्त ने सख्त रूख अपनाया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में पीलीभीत बाईपास, संजय नगर, सैटेलाइट से वनखंडीनाथ और मिनी बाईपास मार्ग पर गंदगी व डोर-टू-डोर कूड़ा न उठने पर नाराजगी जताते हुए पांच फर्मों पर 95 हजार का जुर्माना ठोका है।
नगर आयुक्त ने पीपीपी सिक्योरिटी पर 30 हजार, आयुषी हाइजीन पर 10 हजार, अवर ड्रीम व कोणार्क ग्लोबल पर 20-20 हजार और कय्यूम ठेकेदार पर 15 हजार का जुर्माना लगाया। सभी को चेतावनी दी गई यदि व्यवस्था तुरंत नहीं सुधरी तो फर्म को काली सूची में डाल दिया जाएगा। वार्डों में कूड़ा उठान न बढ़ाने वाले सभी सफाई निरीक्षकों को कारण बताओ नोटिस ओर लापरवाही बरतने पर वनखंडीनाथ, संजय नगर और डीडीपुरम के सफाई नायकों समेत संबंधित सफाई निरीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का फरमान जारी हुआ। नगर स्वास्थ्य अधिकारी और जोनल अफसरों को क्षेत्र में नियमित भ्रमण करने, नागरिकों से संवाद कायम कर फीडबैक लेने और आए दिन कूड़ा फेंकने वाले स्थानों पर नोटिस व सौंदर्यीकरण के जरिए स्थिति सुधारने के सख्त निर्देश दिए गए। बैठक में पर्यावरण अभियंता राजीव राठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. भानु प्रकाश, उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. नैन सिंह आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर में दर्दनाक हादसा : ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पैदल कांवड़ियों को कुचला, बच्चे समेत 2 की मौत, 3 गंभीर
