Hardoi News: 15 साल की किशोरी से 4 साल तक दुष्कर्म का आरोप, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात; जानें क्या है पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

खेत में घास काटने गई किशोरी को डराने-धमकाने का आरोप, शादी का झांसा देकर गर्भपात कराने और दिल्ली ले जाने की शिकायत; चार साल बाद युवती ने आरोपी के खिलाफ SC-ST एक्ट में केस दर्ज कराया

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक युवती ने एक दबंग युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि करीब चार साल पहले, जब वह 15 साल की थी, तब खेत में घास काटने के दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर उसे डराकर और धमकाकर बार-बार उसका शोषण करता रहा।

युवती ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बाद आरोपी ने शादी का झांसा दिया और बहाने से उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद 3 जून 2023 को उसे दिल्ली ले जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।

शादी का वादा कर बयान बदलवाने का आरोप

युवती के मुताबिक, घटना के बाद उसके भाई ने आईपीसी की धारा 363 और 366 के तहत मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि उस दौरान आरोपी ने उस पर दबाव बनाया और कहा कि अगर वह अपना बयान बदल देगी तो वह उससे शादी कर लेगा।

युवती का कहना है कि उसने आरोपी की बात पर भरोसा करते हुए बयान बदल दिया, लेकिन बाद में आरोपी अपने वादे से मुकर गया। इसके बाद वह डर और दबाव के कारण लंबे समय तक चुप रही।

बालिग होने के बाद चार साल पुरानी घटना पर उठाई आवाज

शिकायत के अनुसार, करीब चार साल तक खामोश रहने के बाद युवती ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का फैसला किया। इसी साल 25 जून को वह आरोपी के घर पहुंची और शादी करने की बात कही।

आरोप है कि उसकी बात सुनकर आरोपी गुस्से में आ गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसके साथ गाली-गलौज की और वहां से भगा दिया। इसके बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

SC-ST एक्ट समेत इन धाराओं में केस

कोतवाली शहर क्षेत्र के सधई बेहटा के एक गांव की रहने वाली युवती ने कोतवाली देहात के बघौरा निवासी मुस्कान उर्फ अनुराग सिंह पुत्र अशोक सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 352, 351(3), 3(1) द और 3(2)(वीए) तथा SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में युवती की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

सीओ सिटी को सौंपी गई जांच

हरदोई कोतवाली शहर में दर्ज इस मामले की जांच सीओ सिटी अजित सिंह चौहान को सौंपी गई है। शुरुआती जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः प्रतापगढ़ में बारिश का कहर: 100 साल पुराना मकान भरभराकर गिरा, दंपती और दो मासूम बच्चों समेत 6 की मौत

संबंधित समाचार