Shravasti News: संत गुरु रविदास जी का कलश लेकर निकली समरसता यात्रा, समानता का दिया संदेश
650वीं जयंती पर भाजपा का सात महीने का समरसता संकल्प अभियान शुरू, कटरा से हुई कलश वंदन यात्रा की शुरुआत
श्रावस्ती में संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प अभियान शुरू हुआ। कटरा से कलश वंदन यात्रा निकाली गई, जिसमें लोगों ने संत के विचारों को याद किया
श्रावस्ती। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा की ओर से समरसता संकल्प अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत गुरुवार को कटरा में कलश वंदन यात्रा निकाली गई। इस दौरान संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समानता के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कलश वंदन यात्रा की शुरुआत भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा और श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय ने की। संत रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से भेजा गया कलश कटरा पहुंचा, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर यात्रा को आगे रवाना किया गया।
संत रविदास ने दिया समानता का संदेश: विधायक
.jpg)
विधायक रामफेरन पांडेय ने कलश का पूजन कर उसे अपने सिर पर धारण किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी किसी एक समाज तक सीमित नहीं थे, बल्कि वे संत परंपरा के महान संतों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने भक्ति के साथ-साथ समाज में समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया। उनका संदेश "मन चंगा तो कठौती में गंगा" आज भी समाज को प्रेरणा देता है।
व्यक्तित्व और आचरण से मिलती है महानता: जिलाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को बताया कि किसी व्यक्ति की महानता उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके विचारों, आचरण और चरित्र से तय होती है। कलश वंदन रथ इसके बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना हुआ। रास्ते में कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने कलश का स्वागत किया और पूजा-अर्चना की।
जिले में होंगे कई कार्यक्रम
समरसता संकल्प अभियान के तहत जिले में आने वाले समय में समरसता यात्रा, संतों का सम्मान, भजन-कीर्तन और अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
