Mirzapur News: कंटेनर घर में घुसने से पिता-पुत्र की मौत, विंध्याचल क्षेत्र में दर्दनाक हादसा
विंध्याचल क्षेत्र में भोर के समय हुआ हादसा, सीमेंट लदा कंटेनर मकान में घुसकर पलटा
मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गैपुरा के पास सीमेंट लदा एक अनियंत्रित कंटेनर ट्रक मकान में घुसकर पलट गया, जिससे घर में सो रहे पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) नितेश सिंह के अनुसार, यह हादसा थाना विंध्याचल की गैपुरा पुलिस चौकी क्षेत्र के कलना गहरवार के पास हुआ।
बताया गया कि प्रयागराज की ओर से आ रहा सीमेंट कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर एक मकान में जा घुसा और पलट गया। हादसे के समय घर में सो रहे शिव प्रसाद गुप्ता (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनका 13 वर्षीय बेटा रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज के दौरान बेटे ने भी तोड़ा दम
पुलिस ने घायल रोहित को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, हादसे में शामिल कंटेनर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
