Balrampur News: यूरिया लेने के लिए 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़े किसान, डीएम ने दिए जांच के आदेश 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

नेटवर्क की समस्या बताई जा रही वजह, वीडियो सामने आने के बाद डीएम ने दिए जांच के आदेश

बलरामपुर में यूरिया वितरण के दौरान किसानों को पानी की टंकी पर चढ़कर बायोमीट्रिक सत्यापन कराना पड़ा। वीडियो वायरल होने के बाद डीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। बलरामपुर के हरैया सतघरवा क्षेत्र में यूरिया लेने पहुंचे किसानों को कथित तौर पर 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर बायोमीट्रिक सत्यापन कराना पड़ा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से किसानों की परेशानी की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। हरैया सतघरवा क्षेत्र में किसानों को यूरिया उर्वरक लेने के लिए करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर बायोमीट्रिक सत्यापन कराना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।

बताया जा रहा है कि यह मामला हरैया सतघरवा विकासखंड की कोहरोड़ा सहकारी समिति का है। वायरल वीडियो में एक कर्मचारी पानी की टंकी पर बायोमीट्रिक मशीन लेकर बैठा दिखाई दे रहा है। किसान और महिलाएं टंकी पर चढ़कर अंगूठा लगवा रहे हैं, जिसके बाद उन्हें यूरिया दिया जा रहा है।

महिलाएं और बुजुर्ग भी चढ़े टंकी पर

वायरल वीडियो में महिलाएं और बुजुर्ग भी जरूरी दस्तावेज लेकर पानी की टंकी पर चढ़ते नजर आ रहे हैं। कई किसान अपनी जान जोखिम में डालकर ऊंचाई पर चढ़ते और उतरते दिखाई दे रहे हैं।

किसानों ने लगाए गंभीर आरोप

स्थानीय किसान राम प्रकाश का आरोप है कि कर्मचारी हवा और नेटवर्क के कारण टंकी पर बैठ जाते हैं। ऐसे में किसानों को मजबूर होकर ऊपर जाना पड़ता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं, नवलगंज के ग्राम प्रधान राम निवास गौतम ने आरोप लगाया कि समिति के सचिव कई-कई दिनों तक कार्यालय नहीं आते, जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

डीएम ने दिए जांच के आदेश

वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी विपिन जैन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र नेपाल सीमा से सटा हुआ है और संभव है कि नेटवर्क की समस्या के कारण ऐसा किया गया हो। डीएम ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : 
Sawan 2026: यूपी से बिहार तक गुंजा 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम', पहले दिन शिवालयों में भारी भीड़; सुरक्षा के कड़े इंतजाम




संबंधित समाचार