Moradabad News : रानी नांगल में 27 कपड़ा गोदामों में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर राख

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

शुक्रवार रात को रानी नांगल में कपड़े के 27 गोदामों में अचानक लगी आग, आग लगने से पुराना कपड़ा जलकर हुआ राख

मुरादाबाद के रानी नांगल गांव में पुराने कपड़ों के 27 गोदामों में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का कपड़ा और कई बाइकें जलकर खाक हो गईं। फायर ब्रिगेड के देरी से पहुंचने पर ग्रामीणों ने स्थानीय फायर स्टेशन बनाने की मांग उठाई है। ताज़ा न्यूज़ के लिए पढ़ें अमृत विचार।

भोजपुर, अमृत विचार। रानी नांगल में शुक्रवार देर रात्रि पुराने कपड़ों के 27 गोदामों में अचानक आग लग गई। जिससे लाखों का कपड़ा और गोदाम में खड़ी बाइकें जलकर राख हो गईं। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर बमुश्किल काबू पाया।

सिरसवा दोराहा-टांडा रोड पर भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव रानी नांगल के ग्रामीण देशभर से पुराने कपड़े खरीदकर गांव में लाकर उन्हें छांटकर अलग अलग किस्में तैयार कर बाजार में बेचने का धंधा करते हैं। इसके लिए ग्रामीणों ने गांव से बाहर खेतों में टीन शेड और पिन्नी के छप्पर डाल कर गोदाम बना रखें हैं। ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार की रात को डेढ़ बजे रियाज अंसारी के कपड़े के गोदाम से आग की लपटें उठतीं दिखाईं दीं। ग्रामीणों ने बाल्टियों और पानी की मोटरों के पाइपों से आग बुझाने का प्रयास किया। आग की लपटें तेज होने की वजह से ग्रामीण आग लगाने वाले गोदाम तक नहीं पहुंच पाए। कुछ ही देर में आग सानिव अंसारी, मोहम्मद रफी अंसारी, मोहम्मद शफी अंसारी, साहिल, तंजीम अंसारी, जमील अंसारी, असलम अंसारी, मुनाजिर अंसारी अहमद नवी, नबिया अंसारी, जुनैद अंसारी के 27 गोदामों तक पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पुलिस बल को लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के लिए जिला मुख्यालय से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया। जब तक कपड़े के गोदाम राख में तब्दील हो चुके थे। शनिवार की सुबह आठ बजे तक राख के ढेरों से धुआं उठता दिखाई दिया। गोदाम मालिकों और उनके परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।

फायर ब्रिगेड केंद्र बनाने की उठी मांग
ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिवर्ष आग लगने से करोड़ों रुपए कीमत का कपड़ा जलकर राख हो रहा है। अगर फायर ब्रिगेड केंद्र निकट में होता तो आग पर समय रहते काबू पाया जा सकता था। पर जिला मुख्यालय से फायर ब्रिगेड के आने में दो घंटे से अधिक समय लगा तब तक आग तांडव मचा चुकी थी। फायर ब्रिगेड के वाहनों ने तो मात्र राख के ढेरों से उठ रहे धुंए पर पानी की बौछारें की और चले गए।

ये भी पढ़ें - Moradabad News : प्रेमिका से किया निकाह, झगड़ा हुआ तो पिस्टल से मारी गोली

संबंधित समाचार