Kanpur News : अवैध कब्जे हटाने पहुंची नगर निगम टीम के सामने बवाल, शिकायतकर्ता को नाले में फेंका, सुरक्षाकर्मियों ने किया लाठीचार्ज
आरटीआई एक्टिविस्ट की शिकायत पर पहुंची थी टीम
कानपुर के गोविंद नगर कच्ची बस्ती में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम टीम का विरोध हुआ। शिकायतकर्ता को नाले में फेंकने और पथराव के बाद सुरक्षाकर्मियों ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया। बाद में बुलडोजर से कथित अवैध कब्जे ध्वस्त किए गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जबकि पुलिस का कहना है कि कार्रवाई की पूर्व सूचना उन्हें नहीं दी गई थी।
कानपुर, अमृत विचार। गोविंद नगर कच्ची बस्ती में नाले के ऊपर कई लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है, जिसकी शिकायत पर शुक्रवार को नगर निगम की टीम पहुंची तो उन्हें अवैध कब्जेदारों का विरोध का सामना करना पड़ा। वहीं, शिकायत से गुस्साएं लोगों ने शिकायतकर्ता को नाले में फेंकने के बाद उनपर पथराव किया। यह देखकर नगर निगम के सुरक्षा गार्डों ने पहले लाठियां फटककर भीड़ को खदेड़ा और उपद्रव कर रहे लोगों पर लाठी चार्ज कर दिया। एक युवक के बाल पकड़कर उसे हिला दिया। इसके बाद बैकहो लोडर से अवैध कब्जों को ढहाया गया।
गोविंद नगर कच्ची बस्ती में रहने वाले राम लखन जायसवाल आरटीआई एक्टिविस्ट हैं। रामलखन के मुताबिक उन्होंने नगर निगम से नाले और उसके आसपास अवैध अतिक्रमण की शिकायत की थी, जिसके बाद शुक्रवार दोपहर नगर निगम की टीम कच्ची बस्ती पहुंची। टीम को देखते ही मौजूद लोगों ने उनका विरोध करने के साथ हंगामा शुरू कर दिया।
तभी अवैध कब्जेदारों को जानकारी हुई कि बस्ती के राम लखन जायसवाल ने ही शिकायत की है, जिसके बाद वह लोग काफी उग्र हो गए और टीम के साथ-साथ चल रहे रामलखन के साथ कुछ लोगों ने हाथापाई की, जब नगर निगम की प्रवर्तन दल की टीम कुछ समझ पाती, तब हाथापाई कर रहे लोगों ने रामलखन को उठाकर नाले में फेंक दिया और इसके बाद पथराव किया।किसी प्रकार कोई अनहोनी न हो सके, इसलिए प्रवर्तन दल की टीम ने लाठियां फटककर उपद्रवियों को खदेड़ा और दो-चार लोगों को मौके पर पकड़ा।
इस बीच एक युवक के बाल पकड़कर सुरक्षा कर्मी ने उसे पूरी तरह से हिला दिए और इसके बाद कुछ लोगों पर लाठी चार्ज कर दिया। इस बीच रामलखन किसी तरह नाले से बाहर निकले। भीड़ छटने के बाद नगर निगम की टीम ने बुलडोजर से नाले के ऊपर और आसपास बने अवैध कब्जों को ढह दिया। साथ ही मौजूद लोगों से अतिक्रमण व अवैध कब्जे न करने की नसीहत भी दी। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के मुताबिक भीड़ ने टीम के साथ अभद्रता की और शिकायतकर्ता को नाले में फेंका, जिसपर सुरक्षा कर्मियों ने लाठियां फटककर भीड़ को खदेड़ा और अवैध कब्जे ध्वस्त किए।
सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ वीडियो
नगर निगम की प्रवर्तन टीम के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों व लोगों के बीच हुई झड़प का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ, जिसमे सुरक्षाकर्मी लोगों को दौड़ाकर पीटते, लाठी पटकते व मारते, बाल पकड़कर घसीटते और थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। लाठीचार्ज के दौरान भगदड़ जैसा माहौल नजर आ रहा है। कुछ लोग जान बचाने के लिए नाले में भी गिरते और कुछ लोग बात करते दिख रहे हैं। हंगामे के बाद महिलाओं व बच्चों में दहश्त का माहौल है।
बिना सूचना पहुंची थी नगर निगम की टीम
गोविंदनगर थानाप्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि नगर निगम की टीम ने कार्यवाही से पहले स्थानीय थाने में कोई भी सूचना नहीं दी थी और न ही गोविंद नगर कच्ची बस्ती में अवैध कब्जे गिराने आने का जिक्र किया गया। हंगामा की भी कोई आधिकारिक सूचना पुलिस को नहीं दी गई। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा नगर निगम के अधिकारियों से भी पूरे घटनाक्रम के संबंध में संपर्क किया जा रहा है।
