Barabanki Crime News : करोड़ों की स्मैक तस्करी के आरोपी ओसामा पर PIT-NDPS Act के तहत बड़ी कार्रवाई, एक साल के लिए निरुद्ध

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राज्य सरकार ने शातिर तस्कर ओसामा उर्फ ऊसामा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे पिट-एनडीपीएस एक्ट, 1988 के तहत एक वर्ष के लिए निरुद्ध करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश गुरुवार को जारी किया गया।

पुलिस के अनुसार, जैदपुर थाना क्षेत्र के टिकरा उस्मा निवासी ओसामा उर्फ ऊसामा पिछले करीब आठ वर्षों से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के चार और अन्य धाराओं में छह समेत कुल दस मुकदमे दर्ज हैं।

उसे पुलिस अधीक्षक के आदेश पर डी-गैंग 160 में सूचीबद्ध किया गया है तथा उसकी गतिविधियों की निगरानी के लिए थाना जैदपुर में हिस्ट्रीशीट नंबर 46-बी भी खोली गई है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2023 में लोनीकटरा थाना पुलिस ने ओसामा और उसके साथियों के कब्जे से करीब 23.490 किलोग्राम अवैध मार्फीन/स्मैक बरामद की थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5.16 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

वर्तमान में ओसामा 23 अप्रैल से थाना जैदपुर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में 416 ग्राम अवैध मार्फीन बरामदगी के आरोप में जिला कारागार में निरुद्ध है। अभियुक्त की लगातार आपराधिक गतिविधियों और समाज पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए उसके खिलाफ पिट-एनडीपीएस एक्ट के तहत निरुद्धीकरण की कार्रवाई की गई है।

टीनशेड के पाइप से लटका मिला बुजुर्ग का शव

देवा : माती थाना क्षेत्र के सरैय्या मजरे कैथी गांव में शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग का शव घर के बाहर टीनशेड के पाइप से चादर के सहारे लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोहम्मद जलील मलिक (60) पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद गनी निवासी सरैय्या मजरे कैथी के रूप में हुई।

शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे परिजनों ने उनका शव घर के बाहर टीनशेड के पाइप से लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई माती कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के पुत्र मोहम्मद गयास ने पुलिस को बताया है कि उनके पिता हृदय रोग से पीड़ित थे और उन्हें शराब पीने की लत भी थी। फिलहाल आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार