Rampur News : अनिल कुमार सिंह बने रामपुर के नए एसपी, जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई से पहले बड़ा फेरबदल
योगी सरकार ने किए 5 IPS अफसरों के तबादले, अनिल कुमार सिंह को मिली रामपुर की कमान
यूपी में 5 IPS अफसरों के तबादले हुए हैं। जौहर यूनिवर्सिटी पर संभावित कार्रवाई से पहले अनिल कुमार सिंह को रामपुर का नया एसपी बनाया गया है।
रामपुर/लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूती देने के क्रम में योगी सरकार ने शुक्रवार को पांच आईपीएस (IPS) अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस तबादला सूची में सबसे अहम बदलाव रामपुर जिले में देखने को मिला है, जहाँ जिले के पुलिस कप्तान को बदल दिया गया है।
शासन द्वारा जारी आदेश के तहत, उत्तर प्रदेश सुरक्षा मुख्यालय, लखनऊ में तैनात अनिल कुमार सिंह को रामपुर जिले का नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किया गया है। वहीं, रामपुर के मौजूदा एसपी सोमेन्द्र मीना का तबादला पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय अभिसूचना, आगरा के पद पर कर दिया गया है।
जौहर यूनिवर्सिटी से जोड़कर देखा जा रहा है यह तबादला
रामपुर में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां के मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय (Jauhar University) में संभावित बुलडोजर कार्रवाई से ठीक पहले जिले की कमान नए एसपी को सौंपना एक बड़ा रणनीतिक कदम है। अनिल कुमार सिंह के सामने जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और इस संवेदनशील कार्रवाई को सुचारू रूप से संपन्न कराने की बड़ी चुनौती होगी।
प्रदेश में इन 5 आईपीएस अफसरों के हुए तबादले:
रामपुर के अलावा लखनऊ, ललितपुर और एटा से जुड़े अधिकारियों के भी कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। पूरी सूची इस प्रकार है:
श्री अनिल कुमार सिंह: पुलिस अधीक्षक, सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ से पुलिस अधीक्षक, रामपुर।
श्री सोमेन्द्र मीना: पुलिस अधीक्षक, रामपुर से पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय अभिसूचना, आगरा।
श्री संजीव कुमार बाजपेई: सेनानायक 43वीं वाहिनी पीएसी एटा से पुलिस अधीक्षक, ललितपुर।
श्री मोहम्मद मुश्ताक: पुलिस अधीक्षक ललितपुर से पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ।
श्री गोपाल कृष्ण चौधरी: पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ से सेनानायक 32वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ।
गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपना नया पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
