Hardoi News : 31 लाख की जेसीबी लूट मामले में फाइनेंस कंपनी के 10 कर्मियों पर केस दर्ज, कोर्ट के आदेश पर एक्शन में आई पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में 31 लाख रुपये की जेसीबी मशीन को जबरन लूटने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित द्वारा पुलिस अफसरों के आगे लगातार गिड़गिड़ाने और गुहार लगाने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो उसे न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब सिविल कोर्ट (सीनियर डिवीजन) के सख्त रुख के बाद शाहाबाद पुलिस एक्शन में आई है। पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के 10 कर्मियों के खिलाफ लूट, धोखाधड़ी, जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी देने की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

किस्त चुकाने के बावजूद एजेंटों ने दिखाई दबंगई

मझिला थाना क्षेत्र के भुजहा पारा निवासी पीड़ित अली अहमद ने सिविल कोर्ट सीनियर डिवीजन (एफटीसी) में अर्जी दाखिल कर अपनी आपबीती बताई थी। अली अहमद के मुताबिक, उसने हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस कंपनी से हर महीने 59,811 रुपये की किस्त पर 25 लाख रुपये का लोन लेकर कुल 31 लाख रुपये की एक जेसीबी मशीन खरीदी थी।

पीड़ित का दावा है कि उसने नियमित किस्तों के तहत अब तक 5 लाख 38 हजार रुपये की अदायगी कंपनी को कर दी थी। इसके अलावा, उसने कुछ रकम कंपनी के रिकवरी एजेंट को भी नकद दी थी, लेकिन एजेंट ने न तो उसे इसकी कोई रसीद दी और न ही उस पैसे को अली अहमद के लोन खाते में जमा किया।

रास्ते में घेरा और सरेआम छीन ले गए जेसीबी

कोर्ट को दी गई जानकारी के अनुसार, पिछले साल 25 मार्च को जब जेसीबी मशीन फिरोजपुर और नरहाई गांव के बीच मौजूद थी, तभी कंपनी के कर्मियों—दुर्गा साहनी, पंकज पटेल, अनुज श्रीवास्तव, सुमन पाण्डेय और सुल्तान समेत पांच अज्ञात लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया। इन लोगों ने वहां मौजूद गवाहों के सामने ही दबंगई दिखाते हुए जबरन जेसीबी मशीन छीन ली और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उसे अपने साथ लेकर चले गए।

हाईकोर्ट के बाद सिविल कोर्ट की सख्ती पर जागी पुलिस

इस घटना के बाद पीड़ित न्याय के लिए भटकता रहा। स्थानीय पुलिस द्वारा कोई सुनवाई न किए जाने पर उसने पहले इलाहाबाद हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाई कोर्ट ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस को एक्शन का निर्देश भी दिया, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय पुलिस चुप बैठी रही। आखिरकार, सिविल कोर्ट सीनियर डिवीजन (एफटीसी) ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया। कोर्ट की सख्ती के बाद शाहाबाद थाना पुलिस ने शुक्रवार को फाइनेंस कंपनी के 5 नामजद और 5 अज्ञात समेत कुल 10 कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार