Barabanki Weather News : मेघों की बेरुखी से धान रोपाई पर संकट, उमस से बेहाल किसान और आमजन
बाराबंकी में दो दिन की बारिश के बाद मौसम फिर शुष्क हो गया है। तेज उमस और बारिश थमने से धान की रोपाई प्रभावित होने लगी है। किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
बाराबंकी, अमृत विचार : दो दिन बरसने के बाद मेघा रूठे हुए दिख रहे हैं। तापमान भले ही 37 डिग्री तक पहुंचा हो पर अत्यधिक नमी के चलते भीषण उमस ने आमजन को बेहाल कर रखा है। उधर धान रोपाई के लिए खेतों की ओर रुख कर चुके किसान अचानक बारिश के थमने से असहज हो गए हैं। जोरदार बारिश ही एकमात्र उपाय है लेकिन उमड़ते घुमड़ते बादल किसानों की उम्मीद पर खरे नहीं उतर रहे।
भीषण गर्मी उस पर उमस का कहर झेल रहे लोगों के लिए दो दिन बारिश व बदली का मौसम बेपनाह सुकून देने वाला रहा। हालांकि उम्मीद के विपरीत बारिश के थमने व धूप निकलने से आमजन फिर व्याकुल हो उठे। पसीने से नहला देने वाली उमस ने सुख चैन छीन रखा है वहीं रात की नींद बिजली की आवाजाही ने चौपट कर रखी है।
धूप निकलते ही तापमान बढ़ा पर वह 37 डिग्री पर टिका हुआ है। माहौल में नमी के चलते उमस का कब्जा चहुंओर है। सुबह होते ही निकलने वाली धूप कड़ा इम्तेहान ले रही तो पुरवा हवा ने काफी सता रखा है। उमस भरे मौसम में लोग पसीने से नहाए जा रहे। सबसे ज्यादा असहज स्थिति किसानों की है।
बारिश थमने से धान रोपाई की रफ्तार हुई धीमी
दो दिन पानी बरसते ही किसान खेती में व्यस्त हो गया। खेतों में पानी भरते ही धान की रोपाई ने अभियान का रूप ले लिया लेकिन दो दिनों से बारिश के थम जाने से अब किसान सोंच में पड़ गया है। किसान अनुपम वर्मा का कहना है कि जोरदार बारिश हो जाने से धान रोपाई कम समय में पूरी हो जाएगी। जमकर पानी बरसने की बात मौसम विभाग कर तो रहा पर एक दिन पहले लखनऊ में बरसे बादल बाराबंकी तक नहीं पहुंच सके। अपेक्षित बारिश न हुई तो धान की रोपाई पर असर पड़ना तय है।
