राम मंदिर चढ़ावा विवाद: अयोध्या रवाना होने से पहले कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट, लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का लगाया आरोप, देखें Video
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले अमेठी में कई कांग्रेस नेताओं के घरों पर पुलिस तैनात रही। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया, जबकि पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कार्रवाई होने की बात कही।
अमेठी, अमृत विचार। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर मंगलवार को प्रस्तावित कांग्रेस नेताओं के अयोध्या दौरे से पहले जिले में पुलिस ने कई नेताओं और पदाधिकारियों को उनके घरों पर ही रोक दिया। पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल समेत कई जिला और ब्लॉक स्तरीय नेताओं के आवासों पर सोमवार रात से पुलिस बल तैनात कर दिया गया। कांग्रेस का आरोप है कि उन्हें अयोध्या जाने से रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। कांग्रेस ने लगाया विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह ने बताया कि सोमवार रात से ही कई नेताओं के घरों पर पुलिस तैनात है और उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। वहीं, एक कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर स्वयं को नजरबंद किए जाने का दावा भी किया।
एसपी ने हाउस अरेस्ट के आरोपों को किया खारिज
पुलिस अधीक्षक सर्वणन टी ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी नेता को हाउस अरेस्ट नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि अयोध्या पुलिस के अनुरोध पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संबंधित नेताओं और कार्यकर्ताओं को एहतियातन उनके घरों पर रोका गया है।
सांसद किशोरी लाल शर्मा की लोकेशन तलाश रही पुलिस
एसपी ने बताया कि अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा मुख्यालय पर नहीं मिले हैं। उनकी लोकेशन की जानकारी जुटाई जा रही है। जहां भी वे मिलेंगे, उन्हें भी एहतियातन रोका जाएगा। पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जा रही है, जबकि कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध और लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन की कार्रवाई बता रही है।
यह भी पढ़ेंः राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में वकीलों का बड़ा फैसला, नहीं करेंगे आरोपियों की पैरवी... नियम तोड़ा तो 5 लाख का जुर्माना
