गोंडा में बड़ा हादसा: करंट की चपेट में आई बहन को बचाने दौड़े भाई की मौत; जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

नगर पालिका की लापरवाही पर उठे सवाल, जांच में जुटी पुलिस

गोंडा, अमृत विचार। नगर कोतवाली क्षेत्र के एलबीएस चौराहे पर मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। बहन को परीक्षा दिलाने आए युवक की लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के मुख्य गेट के सामने स्ट्रीट लाइट के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गयी जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से झुलस गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल बहन को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। परिजन गोंडा पहुंच गए हैं। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के भगड़वा बाजार निवासी विमल अपनी बहन प्राची को बी एड की परीक्षा दिलाने कॉलेज आया था। दोनों कॉलेज गेट के बाहर खड़े होकर प्रवेश का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान प्राची पास में लगे स्ट्रीट लाइट के पोल के संपर्क में आई और करंट की चपेट में आकर उससे चिपक गई।

बहन को तड़पता देख विमल बिना एक पल गंवाए उसे बचाने दौड़ा। उसने पैर से प्राची को धक्का देकर पोल से अलग कर दिया, जिससे उसकी जान बच गई। लेकिन इसी दौरान विमल खुद करंट की चपेट में आ गया और पोल से चिपक गया। आसपास मौजूद लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विमल को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राची को लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

बारिश के बाद हाईमास्ट पोल बना मौत का जाल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कॉलेज गेट के सामने नगर पालिका परिषद द्वारा लगाए गए हाईमास्ट पोल पर सजावटी चाइनीज लाइट लगाई गई थी। आरोप है कि लाइट का एक तार खुला छोड़ दिया गया था। मंगलवार को हुई बारिश के बाद नमी और जलभराव के कारण करंट पोल से पास की दुकान के टीन शेड तक फैल गया। इसी करंट की चपेट में प्राची आ गई।

नगर पालिका की लापरवाही पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता और खुले तारों को समय रहते ठीक कर दिया गया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  : 
मुख्यमंत्री योगी का मुरादाबाद दौरा, 365.50 करोड़ की 63 विकास परियोजनाओं की सौगात 

संबंधित समाचार