Bareilly Weather: बरेली में भारी बारिश से बदला मौसम, किसानों के चेहरे खिले तो व्यापारियों की बढ़ी टेंशन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बरेली, अमृत विचार : मानसून की दस्तक ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। मंगलवार सुबह व दिन में रुक-रुककर बरसात होती रही। इससे अधिकतम पारा तेजी के साथ नीचे गया। मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को अधिकतम 27.8 व न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यूं तो सोमवार रात चली ठंडी हवाओं ने सुबह तक मौसम खुशगवार होने का संकेत दे दिया था।

वहीं, मंगलवार सुबह बारिश शुरू हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।दोपहर के वक्त थोड़ी देर के लिए बादल झमाझम बरसे। बारिश का इंतजार कर रहे लोगों ने भीगकर इसका लुत्फ उठाया। शहर में 40 व बहेड़ी में सबसे ज्यादा 157 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बरेली के अलावा लखीमपुर खीरी, रामपुर, पीलीभीत में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दो बड़े बिजली घरों की आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित

हल्की बारिश के बाद शहर की पॉश कॉलोनियों में शामिल डीडीपुरम और राजेंद्रनगर में सोमवार रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। दोहना के पास 33 केवी लाइन में खराबी के कारण दोनों बिजली घरों तक सप्लाई नहीं पहुंच सकी। हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। 33 केवी लाइन में तकनीकी खराबी से डीडीपुरम और राजेंद्रनगर बिजलीघरों तक विद्युत आपूर्ति नहीं पहुंच सकी। 

फाल्ट से डीडीपुरम व राजेंद्रनगर में पूरी रात गुल रही बिजली

इसके चलते दोनों क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ता रातभर बिजली संकट से जूझते रहे। डीडीपुरम में सुबह तो राजेन्द्रनगर में शाम साढ़े पांच बजे तक बिजली व्यवस्था सही हो पाई। वहीं, कृष्णा नगर फेज-दो में ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण तीन दिन तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। हालाकि, हंगामे के बाद वहां पर बिजली व्यवस्था मंगलवार सुबह सही हो पाई।

रामपुर गार्डन से कुतुबखाना तक बिजली संकट

मंगलवार को शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने, एक फेज गायब रहने, लो-वोल्टेज समेत पोल से सप्लाई खराब होने की शिकायतों की बाढ़ सी आ गई। विद्युत निगम के शिकायत पोर्टल पर रामपुर गार्डन, महानगर, कोहाड़ापीर, सिविल लाइंस, सुभाषनगर, हरुनगला और कुतुबखाना सब-स्टेशनों से जुड़े क्षेत्रों के उपभोक्ताओं ने लगातार शिकायतें दर्ज कराईं। रामपुर गार्डन क्षेत्र में कई उपभोक्ताओं ने एक फेज न आने, लो-वोल्टेज की शिकायत की। वहीं महानगर कॉलोनी में पोल से सप्लाई खराब होने की सूचना मिली। 

बारिश बनी बिजली संकट की वजह, उपभोक्ता बेहाल

कोहाड़ापीर सब-स्टेशन से जुड़े मौला नगर क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बताया कि उनके यहां सोमवार से ही बिजली आपूर्ति बाधित है। सिविल लाइंस-2 क्षेत्र में पूरे इलाके की बिजली गुल रहने की शिकायत दर्ज कराई गई, जबकि सिविल लाइंस-3 और कुतुबखाना क्षेत्रों में भी पोल से सप्लाई खराब होने की समस्याएं सामने आईं। टाउन हॉल क्षेत्र के एक उपभोक्ता ने पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति बंद होने की शिकायत दर्ज कराई।

झमाझम बारिश से किसान खुश , कुछ व्यापारी परेशान

भीषण गर्मी के बाद मंगलवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश से जहाँ लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली, वहीं शहर में नैनीताल रोड के साथ कई इलाकों में जलभराव हो गया। मीना बाज़ार में पानी दुकानों के अंदर घुस गया, जिससे कई दुकानों के अंदर रखा सामान भी खराब हो गया। बारिश किसानों को भी काफी राहत देने वाली रही।

कई दिन से पड़ रही भीषण गर्मी और बिजली की किल्लत से शहरवासियों का जीना मुहाल था। मंगलवार को तड़के हुई बारिश लोगों को बहुत राहत बख्शने वाली साबित हुई। बारिश के बाद गर्मी से लोगों को राहत मिल गई। किसानों के लिए भी यह बारिश काफी राहत पहुँचाने वाली रही। किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पानी की बहुत ज़रूरत थी। बारिश से फसलों को काफी फायदा हुआ।किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए काफी पैसा खर्च करना पड़ रहा था।

शहर में सड़कों पर भर गया पानी

शहर में नैनीताल रोड पर काफी हिस्से में पानी भर गया।करीब दो घंटे की बारिश से मीना बाज़ार में भी पानी भर गया। मीना बाज़ार में सड़क पर भरा पानी दुकानों के अंदर भी घुस गया। कई दुकानों में घुसे पानी से दुकान के अंदर काफी सामान भी खराब हो गया। मौसम की पहली बारिश आज भी मीना बाज़ार के दुकानदारों के लिए मुसीबत की वजह ही बनी।

व्यापार मंडल ने मीना बाज़ार से पानी की निकासी की सही व्यवस्था न करने पर नाराज़गी व्यक्त की। नगर अध्यक्ष सलीम रहबर ने कहा कि नगर पालिका नालों की सफाई और जल निकासी के प्रबंध पर हर साल काफी पैसा खर्च करती है, लेकिन शहर में होने वाला जलभराव नहीं रुक पाया है। व्यापार मंडल शीघ्र ही इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से मिलकर सारी स्थिति से अवगत कराएगा।

जुलाई में सामान्य से कम बारिश का अनुमान

आईएमड ने मंगलवार को कहा कि जुलाई में भारत में मासिक औसत बारिश सामान्य से कम रहने की उम्मीद है। लंबी अवधि के औसत की 94 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। भारत में जुलाई में एलपीए बारिश लगभग 280.4 मिमी होती है। आईएमडी के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होगी। हालांकि उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, पूर्वी-मध्य भारत और पूर्वी प्रायद्वीपीय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सामान्य या उससे ज्यादा बारिश की उम्मीद है।


ये भी पढ़ें  : 
पीलीभीत : पेड़ की टहनियां गिरने से फाल्ट, कई फीडर ठप, मानसून की पहली बारिश से बेपटरी बिजली व्यवस्था चरमराई 

संबंधित समाचार