उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, बदरीनाथ हाईवे और केदारनाथ यात्रा मार्ग प्रभावित

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

भूस्खलन से कई मार्ग बाधित, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने रोकी आवाजाही; मलबा हटाने का काम जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून सक्रिय होने के बाद लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून समेत पांच जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग और केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिले के सोनप्रयाग-मुनकटिया मार्ग पर वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दी गई है। वहीं, चमोली जिले में गुलाबकोटी गांव के पास पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी बाधित हो गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान नरेंद्रनगर में 110 मिमी, धनोल्टी में 100 मिमी, खटीमा में 85.5 मिमी, जौलीग्रांट में 80.4 मिमी, देहरादून में 79.6 मिमी और मसूरी में 77.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। अन्य कई जिलों में भी मध्यम से भारी वर्षा हुई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है।

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मौसम और यातायात संबंधी आधिकारिक अपडेट के बाद ही यात्रा करने की अपील की है।

रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मुनकटिया क्षेत्र में जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। वहीं, चमोली में भी एनएचआईडीसीएल की टीम बदरीनाथ हाईवे को जल्द खोलने के लिए लगातार काम कर रही है।

किन जिलों में अलर्ट?

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बेहद भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

संबंधित समाचार