Hardoi BSA Suspended: हरदोई के बीएसए डॉ. अजीत सिंह निलंबित, 61 गणित शिक्षकों की भर्ती में अनियमितताओं पर कार्रवाई
हाईकोर्ट के आदेश पर हुई जांच में मिलीं गंभीर खामियां, अपर मुख्य सचिव ने जारी किया निलंबन आदेश
हरदोई के बीएसए डॉ. अजीत सिंह को 61 गणित शिक्षकों की भर्ती में अनियमितताओं के आरोप में निलंबित किया गया। हाईकोर्ट के आदेश पर हुई जांच में गंभीर खामियां मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग ने हरदोई के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. अजीत सिंह को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ 61 गणित शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों की जांच में प्रथम दृष्टया गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। निलंबन आदेश अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से जारी किया गया।
विभागीय जांच के अनुसार, भर्ती, नियुक्ति और काउंसलिंग प्रक्रिया में शासन के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया। यह जांच हाईकोर्ट के आदेश के बाद कराई गई थी, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आईं। जांच में यह भी पाया गया कि भर्ती से संबंधित महत्वपूर्ण पत्रावलियां और अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके अलावा चयनित शिक्षकों के वेतन, पेंशन और अन्य वित्तीय मामलों के निस्तारण में भी लापरवाही बरती गई।
विभाग ने ईसीसीई (ECCE) इंस्ट्रक्टर भर्ती में भी शासनादेशों के अनुपालन में अनियमितताएं मिलने की बात कही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर डॉ. अजीत सिंह को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले में विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
