Gonda News: गोंडा में 28 जून से पल्स पोलियो अभियान, 5.77 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

गोंडा, अमृत विचार। जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ 28 जून से किया जाएगा। अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के करीब 5.77 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक रणनीति तैयार कर ली है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।

डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की बैठक में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अभियान की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि पोलियो उन्मूलन की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचना जरूरी है।

1980 बूथों पर पिलाई जाएगी दवा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि अभियान के लिए विस्तृत माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुइनुद्दीन चिस्ती के अनुसार अभियान के पहले दिन जिले में 1980 फिक्स्ड बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

घर-घर जाएंगी टीमें

अभियान को सफल बनाने के लिए 1171 हाउस-टू-हाउस टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। वहीं 75 ट्रांजिट टीमें बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तैनात रहेंगी। इसके अलावा दूरदराज और विशेष क्षेत्रों के लिए 45 मोबाइल टीमों की व्यवस्था की गई है। अभियान की निगरानी के लिए 365 सुपरवाइजर लगाए गए हैं।

प्रवासी बच्चों पर रहेगा फोकस

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों, घुमंतू और प्रवासी परिवारों के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोबाइल और ट्रांजिट टीमों के माध्यम से ऐसे बच्चों को भी पोलियो की खुराक जरूर पिलाई जाए, ताकि कोई बच्चा छूटने न पाए।

अभिभावकों से की अपील

डीएम प्रियंका निरंजन ने अभिभावकों से अपील की कि वे 28 जून को अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को बनाए रखने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभियान की प्रगति की प्रतिदिन ब्लॉक और जिला स्तर पर समीक्षा भी की जाएगी।

ये भी पढ़ें:- बाराबंकी में शिक्षक संघ की मांग: स्कूल समय बदले या घोषित हो ग्रीष्मकालीन अवकाश

संबंधित समाचार